अटलांटिक महासागर में माइक्रोप्लास्टिक्स प्रदूषण

  • 22 Aug 2020

18 अगस्त, 2020 को 'नेचर कम्युनिकेशंस' में प्रकाशित एक नए शोध के अनुसार अटलांटिक महासागर में 11.6-21.1 मिलियन टन माइक्रोप्लास्टिक्स है, जो पहले के अनुमान से लगभग 10 गुना अधिक है।

महत्वपूर्ण तथ्य: अध्ययन में अटलांटिक महासागर के 10,000 किमी. के विस्तार में 12 स्थानों पर आमतौर पर पैकेजिंग के लिए उपयोग किए जाने वाले तीन प्लास्टिक प्रकारों-पॉलीइथाइलीन, पॉलीप्रोपाइलीन और पॉलीस्टायरीन से होने वाले प्रदूषण को मापा गया।

  • ये तीनों प्रदूषक समुद्र की 200 मीटर की गहराई तक निलंबित मात्रा में थे।
  • 1950-2015 से प्लास्टिक कचरा उत्पादन के रुझान के आधार यह अनुमान लगाया है, कि अटलांटिक महासागर में 65 वर्षों में वैश्विक प्लास्टिक कचरे का 0.3-0.8% प्रवेश किया है। साथ ही अटलांटिक महासागर में 17-47 मिलियन टन प्लास्टिक कचरा हो सकता है।
  • माइक्रोप्लास्टिक्स लंबाई में 5 मिमी. से छोटे (तिल के बीज आकार के) प्लास्टिक के टुकड़े हैं। ये विभिन्न स्रोतों से प्राप्त होते हैं, इसलिए इनका पता लगाना कठिन होता है।
  • इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (IUCN) के अनुसार, हर साल महासागरों में कम से कम 8 मिलियन टन प्लास्टिक प्रवेश करता है, जो सभी समुद्री कचरे का लगभग 80% है।