‘वनजीवी दीदी’ पहल

  • 23 Feb 2026

17 फरवरी, 2026 को पलामू टाइगर रिजर्व के दक्षिणी प्रभाग ने अपने क्षेत्र के 17 गाँवों में ‘वनजीवी दीदी’ नामक एक अभिनव पहल की शुरुआत की है।

  • इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षित ग्रामीण महिलाओं को ‘वन संरक्षण दूत’ के रूप में प्रशिक्षित कर प्रकृति की रक्षा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

पहल की मुख्य रूपरेखा

  • चयन और पात्रता: प्रत्येक चयनित गाँव से महिलाओं का चयन किया गया है। विशेष बात यह है कि इनमें से अधिकांश प्रतिभागी स्नातक (Graduates) हैं या वर्तमान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
  • भूमिका और प्रभाव: ये ‘वनजीवी दीदियाँ’ अपने-अपने समुदायों और परिवारों को वनों के विनाश को रोकने के लिए प्रेरित करेंगी। यह माना जा रहा है कि महिलाएं अपने परिवारों को वन्यजीव अपराधों से दूर रहने के लिए प्रभावी ढंग से प्रभावित कर सकती हैं।
  • प्रोत्साहन: चयनित महिलाओं को शुरुआती दो महीनों के लिए 3,000 रुपये मासिक प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

बहुआयामी योगदान

  • शिक्षा और जागरूकता: वन संरक्षण के साथ-साथ ये दीदियाँ गाँवों में प्राथमिक शिक्षा के स्तर को सुधारने में भी सहयोग देंगी।
  • सूचना का केंद्र: वे स्थानीय स्तर पर सरकारी रोजगार योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा करने वाले सेतु के रूप में कार्य करेंगी।
  • प्रेरणा स्रोत: यह मॉडल मुख्य रूप से ‘सखी मंडल’ और ‘पैरा-लीगल वॉलंटियर्स’ की सफलता से प्रेरित है।