सूर्य का नया सौर चक्र शुरू

  • 24 Sep 2020

15 सितंबर, 2020 को नासा और ‘नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन’ (National Oceanic and Atmospheric Administration- NOAA) ने संयुक्त रूप से एक सहमति पत्र जारी कर ‘सौर चक्र 25’ (Solar Cycle 25) के शुरू होने की घोषणा की।

महत्वपूर्ण तथ्य: सूर्य विद्युत आवेशित गर्म गैस की एक विशाल गेंद है। यह एक शक्तिशाली चुंबकीय क्षेत्र उत्पन्न करता है। सूर्य का चुंबकीय क्षेत्र एक चक्र से गुजरता है, जिसे सौर चक्र कहा जाता है।

  • हर 11 साल बाद, सूर्य का चुंबकीय क्षेत्र पूरी तरह से पलट जाता है। इसका अर्थ है कि सूर्य के उत्तर और दक्षिण ध्रुव परस्पर स्थान बदलते हैं।
  • सौर चक्र सूर्य की सतह पर गतिविधि को प्रभावित करता है, जैसे कि सौर-कलंक (sunspot) जो सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र के कारण होते हैं। वैज्ञानिक, सौर-कलंकों (Sunspots) के माध्यम से सौर चक्र का पता लगाते हैं।
  • सौर चक्र 25 के लिए ’सौर न्यूनतम’ (Solar Minimum) दिसंबर 2019 में घटित हुआ था। सौर न्यूनतम तब होता है जब सौर कलंकों की संख्या न्यूनतम होती है। इस समय नया सौर चक्र शुरू होता है
  • वैज्ञानिकों के अनुसार सौर चक्र 25 के लिए ‘सौर अधिकतम’ (Solar maximum) जुलाई 2025 में घटित होगा। सौर अधिकतम तब होता है जब सौर कलंको की संख्या अधिकतम होती है। यह सौर चक्र के मध्य में होता है। इसके बाद यह सौर न्यूनतम पर पहुंचता है।
  • यह सौर चक्र पिछले सौर चक्र 24 की भांति होगा। पिछला सौर चक्र ‘औसत से कम’ सक्रिय चक्र था।
  • वैज्ञानिकों ने सौर चक्र 24 (Solar Cycle 24) के समाप्त होने की घोषणा की जिसकी अवधि दिसंबर, 2008 से दिसंबर, 2019 तक थी।