एकीकृत स्वास्थ्य इंटरफेस (UHI) का शुभारंभ

  • 30 Jun 2026

29 जून, 2026 को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने एकीकृत स्वास्थ्य इंटरफेस (Unified Health Interface-UHI) का शुभारंभ किया। यह आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के अंतर्गत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक अंतरसंचालनीय (Interoperable) नेटवर्क है।

मुख्य बिंदु

  • क्या है UHI? यह ABDM की सेवा-स्तर (Service Layer) प्रणाली है, जो साझा तकनीकी मानकों पर आधारित एक ओपन नेटवर्क के रूप में कार्य करती है। इससे मरीज और स्वास्थ्य सेवा प्रदाता किसी एक विशेष एप्लिकेशन तक सीमित हुए बिना विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर जुड़ सकते हैं।
  • कैसे कार्य करता है? UHI, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा विकसित ओपन प्रोटोकॉल के माध्यम से संचालित होता है। यह आभा (ABHA), हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स रजिस्ट्री (HPR), हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR) तथा सहमति-आधारित हेल्थ इन्फॉर्मेशन एक्सचेंज का उपयोग करता है।
  • प्रमुख सिद्धांत: यह प्रणाली अंतरसंचालनीयता, निष्पक्ष खोज (Fair Discovery), सत्यापित स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की भागीदारी तथा ओपन प्रोटोकॉल के सिद्धांतों पर आधारित है।
  • लाभ: UHI नागरिकों को सत्यापित स्वास्थ्य सेवाओं तक सरल एवं पारदर्शी पहुंच उपलब्ध कराएगा, जबकि डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को किसी एक प्लेटफॉर्म पर निर्भर हुए बिना अधिक व्यापक पहुंच मिलेगी। यह विशेष रूप से अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी होगा।
  • उपलब्ध सेवाएं: वर्तमान में इसके माध्यम से ब्लड बैंक खोज, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) सूचीबद्ध अस्पताल खोज, जन औषधि केंद्र खोज, एम्बुलेंस खोज एवं बुकिंग तथा डॉक्टर परामर्श जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
  • भावी विस्तार: आगामी चरणों में लैब डायग्नोस्टिक्स, टीकाकरण केंद्र एवं स्लॉट बुकिंग, फार्मेसी खोज तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।