मानव विकास रिपोर्ट 2020

  • 22 Dec 2020

15 दिसंबर, 2020 को संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) द्वारा ‘मानव विकास रिपोर्ट 2020’ जारी की गई।

महत्वपूर्ण तथ्य: रिपोर्ट में 189 देशों को उनके मानव विकास सूचकांक मूल्य 2019 के आधार पर रैंकिंग प्रदान की गई।

  • सूचकांक मानव विकास के तीन बुनियादी पहलुओं पर औसत उपलब्धि को मापता है- जीवन प्रत्याशा, शिक्षा और प्रति व्यक्ति आय।
  • पहली बार, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम ने प्रत्येक देश के प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन और उसके वस्तुगत पदचिह्न (material footprint) के कारण होने वाले प्रभाव को दर्शाने के लिए मापन की शुरुआत की, जो वस्तुओं और सेवाओं के उपभोग लिए उपयोग किए जाने वाले जीवाश्म ईंधन, धातुओं और अन्य संसाधनों की मात्रा को मापता है।
  • सूचकांक में नॉर्वे प्रथम स्थान पर है। आयरलैंड तथा स्विट्जरलैंड संयुक्त रूप से दूसरे, हांगकांग SAR तथा आइसलैंड संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे।
  • जर्मनी छठे, स्वीडन सातवें, ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड संयुक्त रूप से आठवेंतथा डेनमार्क दसवें स्थान पर रहा।
  • सूचकांक में सबसे निचले स्थान (189वें) पर नाइजर है। सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक 188वें, चाड 187वें, दक्षिण सूडान तथा बुरूंडी संयुक्त रूप से 185वें स्थान पर रहे।

भारत की स्थिति: भारत 0.645 HDI मूल्य के साथ सूचकांक में 131वें स्थान पर है। इस सूचकांक में भारत को ‘मध्यम मानव विकास’ वाले देशों की श्रेणी में शामिल किया गया है। पिछले वर्ष की रिपोर्ट में भारत 129वें स्थान पर था।

  • भारत के पड़ोसी देशों में श्रीलंका 72वें, चीन 85वें, भूटान 129वें, बांग्लादेश 133वें, नेपाल 142वें तथा पाकिस्तान 154वें स्थान पर रहा।
  • क्रय शक्ति समता (पीपीपी) के आधार पर भारत की प्रति व्यक्ति सकल राष्ट्रीय आय में 2018 में 6,829 डॉलर से 2019 में 6,681 डॉलर तक गिरावट दर्ज की गई।