16वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 2021

  • 13 Jan 2021

9 जनवरी, 2021 को 16वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 2021का वर्चुअल रूप में आयोजन किया गया।

सम्मेलन 2021 का विषय: ‘आत्मनिर्भर भारत में योगदान’।

  • प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन ‘विदेश मंत्रालय’ का एक प्रमुख कार्यक्रम है और यह विदेश में रहने वाले भारतीयों के साथ जुड़ने तथा संबंध स्थापित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
  • प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में मुख्य अतिथि सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी थे।
  • 2020-21 के लिए प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार विजेताओं के नामों की भी घोषणा की गई।

भारत के प्रवासी सदस्यों को उनकी उपलब्धियों और भारत तथा विदेश दोनों में विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान को सामने लाने के लिए ‘प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार’ प्रदान किया जाता है।

पृष्ठभूमि: भारत के विकास में प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान को चिह्नित करने के लिए 9 जनवरी को यह दिवस मनाया जाता है, क्योंकि 1915 में इसी दिन महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे।

  • वर्ष 2003 में पहला प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आयोजन किया गया था। वर्ष 2015 से प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन हर दो साल में एक बार आयोजित किया जाता है।

युवा प्रवासी भारतीय दिवस: यह दिवस 8 जनवरी, 2021 को ‘भारत और भारतीय समुदाय से सफल युवाओं को एक साथ लाना’ विषय पर वर्चुअल रूप में मनाया गया।

  • युवा मामलों और खेल मंत्रालय द्वारा इस आयोजन के लिए विशेष अतिथि न्यूजीलैंड की सामुदायिक और स्वैच्छिक क्षेत्र मंत्री प्रियंका राधाकृष्णन थी।