सामयिक

संक्षिप्त खबरें :

विश्व डिजिटल प्रतिस्पर्धात्मकता रैंकिंग-2023 में भारत 49वें स्थान पर

इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर मैनेजमेंट डेवलपमेंट (IMD) ने 1 दिसंबर, 2023 को विश्व डिजिटल प्रतिस्पर्धात्मकता रैंकिंग (WDCR)-2023 प्रकाशित की है, जिसमें भारत 64 अर्थव्यवस्थाओं में 49वें स्थान पर है।

  • आईएमडी के अध्ययन के अनुसार, भारत ने साइबर सुरक्षा ज्ञान के मामले में महत्वपूर्ण प्रगति की है, लेकिन प्रौद्योगिकी और भविष्य की तैयारी जैसे मोर्चों पर इसका अभाव है।
  • आईएमडी की विश्व डिजिटल प्रतिस्पर्धात्मकता रैंकिंग इस बात की जानकारी देती है कि विभिन्न देश कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के युग में डिजिटल परिवर्तन कैसे कर रहे हैं।
  • इस वर्ष की रैंकिंग में अमेरिका शीर्ष रैंक वाला देश है, उसके बाद नीदरलैंड और सिंगापुर है।
  • संयुक्त राज्य अमेरिका तीनों कारकों: ज्ञान, प्रौद्योगिकी और भविष्य की तैयारी में मजबूत परिणामों के साथ शीर्ष स्थान पर है।
  • ज्ञान कारक में शीर्ष स्थान वाली अर्थव्यवस्था स्विट्जरलैंड 5वें स्थान पर है।
  • एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भारत लगातार 4 वर्षों तक 11वें स्थान पर रहने के बाद 14 देशों में 12वें स्थान पर खिसक गया है।
  • 20 करोड़ से अधिक आबादी वाले 27 देशों में भारत वर्ष 2022 की तुलना में 2 स्थान खिसककर 18वें स्थान पर है।

पी देवस्थली भारतीय नौसेना युद्धपोत की कमान संभालने वाली पहली महिला

कमांडर प्रेरणा देवस्थली को भारतीय नौसेना में युद्धपोत की कमान संभालने वाली पहली महिला अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।

  • कमांडर देवस्थली, भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े के युद्धपोत का कमान संभालेगी।
  • कमांडर प्रेरणा देवस्थली वर्तमान में युद्धपोत आईएनएस चेन्नई की फर्स्ट लेफ्टिनेंट हैं।
  • लेफ्टिनेंट कमांडर प्रेरणा, टुपोलेव टीयू-142 पर पहली महिला पर्यवेक्षक रही हैं, वे एक समुद्री टोही विमान ‘पी8आई’ पर भी अपनी सेवा दे चुकी हैं।
  • प्रेरणा देवस्थली को गोवा स्थित ‘आईएनएस ट्रिंकट’ का कमांडिंग ऑफिसर भी नियुक्त किया गया था।
  • आईएनएस ट्रिंकट को सितंबर 2000 में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था।
  • “ट्रिंकट” जहाज का नाम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के एक द्वीप के नाम पर रखा गया है।
  • आईएनएस ट्रिंकट सतह-विरोधी और हवा-रोधी बंदूकों के साथ-साथ मध्यम और भारी मशीनगनों से सुसज्जित है।

एएफएमसी ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ से सम्मानित

भारत की राष्ट्रपति एवं सेना की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मु ने सशस्त्र बल चिकित्सा कॉलेज (AFMC) को 1 दिसंबर, 2023 को ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ (राष्ट्रपति का निशान) से सम्मानित किया।

  • ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ किसी सैन्य इकाई को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है।
  • पुणे स्थित एएफएमसी को उसके 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
  • एएफएमसी एक प्रमुख सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा प्रतिष्ठान है और देश के अग्रणी मेडिकल कॉलेजों में से एक है।
  • इस संस्थान से निकलने वाले मेडिकल कैडेटों को सेना, नौसेना और वायु सेना में कमीशन मिलता है।

नोबेल पुरस्कार विजेता हेनरी किसिंजर का निधन

अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री और नोबेल पुरस्कार विजेता हेनरी किसिंजर का 29 नवंबर, 2023 को कनेक्टिकट (अमेरिका) में निधन हो गया। वे 100 वर्ष के थे। हेनरी किसिंजर एक अमेरिकी राजनीतिज्ञ थे।

  • वर्ष 1973 में हेनरी किसिंजर को और वियतनाम के ले डक थो को संयुक्त रूप से शांति का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था।
  • हेनरी ने अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन और जेराल्ड फ़ोर्ड के प्रशासन के दौरान संयुक्त राज्य अमेरिका के सचिव और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में कार्य किया।
  • हेनरी ने अंतरराष्ट्रीय मसलों पर कई किताबें लिखी। किसिंजर को वैश्विक राजनीति और व्यापार को आकार देने वाली शक्ति भी माना जाता था।

आयरलैंड के लेखक पॉल लिंच बुकर पुरस्कार 2023 से सम्मानित

26 नवंबर, 2023 को आयरलैंड के लेखक पॉल लिंच को उनके उपन्यास ‘प्रॉफेट सॉन्ग’ के लिए लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम में बुकर पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया गया।

  • वे यह हाई-प्रोफाइल साहित्यिक पुरस्कार जीतने वाले पांचवें आयरिश लेखक बन गए हैं।
  • भारतीय मूल की लेखिका चेतना मारू के पहले उपन्यास "वेस्टर्न लेन" को पीछे छोड़ते हुए पॉल लिंच ने यह पुरस्कार जीता।
  • 46 वर्षीय लिंच के इस उपन्यास में अधिनायकवाद की चपेट में आए आयरलैंड के बारे में बताया गया है।
  • पॉल लिंच को पिछले साल के बुकर विजेता श्रीलंकाई लेखक शेहान करुणातिलका से यह ट्रॉफी मिली।
  • 1969 में स्थापित, बुकर पुरस्कार अंग्रेजी भाषी दुनिया में अग्रणी साहित्यिक पुरस्कार है तथा इसने पांच दशकों से अधिक समय से उत्कृष्ट कथा साहित्य को मान्यता प्रदान की है।
  • प्रत्येक वर्ष, अंग्रेजी में लिखे गए तथा यूके और आयरलैंड में प्रकाशित सर्वश्रेष्ठ कथा साहित्य को यह पुरस्कार दिया जाता है।
  • इसके पिछले विजेताओं में इयान मैकएवन, मार्गरेट एटवुड, सलमान रुश्दी और हिलेरी मेंटल शामिल हैं।

डॉ. सैयदना सैफुद्दीन को पाकिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

मुंबई से संचालित इस्लाम के दाऊदी बोहरा पंथ के प्रमुख डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन को पाकिस्तान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘निशान-ए-पाकिस्तान’ से सम्मानित किया जाएगा।

  • डॉ. सैयदना, पाकिस्तान का कोई सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त करने वाले चौथे भारतीय होंगे।
  • ‘निशान-ए-पाकिस्तान’ से सम्मानित होने वाले पहले भारतीय मोरारजी देसाई थे। उन्हें 1990 में यह सम्मान दिया गया था।
  • 1998 में अभिनेता दिलीप कुमार को कला और संस्कृति के क्षेत्र में पाकिस्तान का सर्वोच्च पुरस्कार ‘निशान-ए-इम्तियाज’ प्रदान किया गया था।
  • वर्ष 2020 में कश्मीरी अलगाववादी नेता अली गिलानी को ‘निशान-ए-पाकिस्तान’ प्रदान किया गया।
  • ‘निशान-ए-पाकिस्तान’ या ‘ग्रांड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ पाकिस्तान’ पाकिस्तान के राष्ट्रीय हित में सर्वोच्च सम्मान वाली सेवाओं के लिए प्रदान किया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान है।
  • यह सर्वोच्च सैन्य वीरता पुरस्कार ‘निशान-ए-हैदर’ के समतुल्य है।

सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज फातिमा बीवी का निधन

सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज और तमिलनाडु की पूर्व राज्यपाल फातिमा बीवी का 23 नवंबर, 2023 को कोल्लम (केरल) में 96 साल की उम्र में निधन हो गया।

  • फातिमा बीवी 1989 में सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस बनीं और 29 अप्रैल, 1992 तक इस पद पर रहीं। रिटायरमेंट के बाद वे नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन की सदस्य रहीं।
  • 1997 से 2001 तक फातिमा बीवी तमिलनाडु की राज्यपाल रहीं।
  • राजीव गांधी हत्याकांड के चार दोषियों की दया याचिका को अस्वीकार करने के बाद उन्होंने गवर्नर पद से इस्तीफा दे दिया था।
  • जस्टिस फातिमा बीवी का जन्म 30 अप्रैल, 1927 को केरल के पथानामथिट्टा में हुआ था।

जे.सी.बी. साहित्य पुरस्कार – 2023

तमिल लेखक पेरुमल मुरुगन को उनके उपन्यास ‘फायर बर्ड’ (Fire Bird) के लिए साहित्य का प्रतिष्ठित जेसीबी पुरस्कार-2023 प्रदान किया गया है।

  • ‘फायर बर्ड’ तमिल उपन्यास ‘आलंदा पैची’ (Aalanda Patchi) का अंग्रेजी अनुवाद है।
  • इस पुस्तक का अंग्रेजी में अनुवाद जननी कन्नन द्वारा किया गया है।
  • ‘फायर बर्ड’ में पेरुमल मुरुगन ने जमीन से जुड़े जीवन की एक सार्वभौमिक कहानी को आश्चर्यजनक विशिष्टता के साथ प्रस्तुत किया है।
  • तमिल भाषा के प्रोफेसर रहे मुरुगन ने 12 उपन्यास, 6 लघुकथा संग्रह, 6 कविता संग्रह और अन्य कई पुस्तकें लिखी हैं। उनके 10 उपन्यासों का अंग्रेजी अनुवाद किया जा चुका है।
  • जे.सी.बी. पुरस्कार साहित्य के क्षेत्र में प्रदान किया जाता है।

प्रसिद्ध मलयालम लेखिका पी. वलसाला का निधन

प्रसिद्ध मलयालम उपन्यासकार और लघु कथाकार पी. वलसाला का 21 नवंबर, 2023 को कोझिकोड में निधन हो गया। वे 85 वर्ष की थीं।

  • पी. वलसाला ने लगभग 20 उपन्यास और 300 से अधिक लघु कहानियां प्रकाशित कीं, वलसाला ने कई जीवनियां, यात्रा वृतांत और बच्चों की कहानियां लिखीं।
  • उनके महत्वपूर्ण उपन्यासों में नेल्लु, अग्नेयम, कूमांकोल्ली, अरक्किलम और विलापम शामिल हैं।
  • वलसाला को कथाकार थिरुनेली के रूप में जाना जाता था, क्योंकि उनके कई कार्यों में वायनाड जिले के आदिवासियों के जीवन को दर्शाया गया था।
  • वलसाला ने केरल साहित्य अकादमी के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उन्हें एज़ुथच्चन पुरस्कार और केरल साहित्य अकादमी पुरस्कार सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

विनय एम. टोंसे एसबीआई के प्रबंध निदेशक नियुक्त

भारत सरकार ने 20 नवंबर, 2023 को विनय एम. टोंसे को भारत के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया।

  • विनय एम. टोंसे को 30 नवंबर, 2025 तक भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया है।
  • टोंसे को एसबीआई के प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की सिफारिश वित्तीय सेवा संस्थान ब्यूरो द्वारा की गई थी।
  • जून 2023 में रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर के रूप में स्वामीनाथन जानकीरमन की नियुक्ति के बाद से यह पद रिक्त था।
  • देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई का संचालन 4 प्रबंध निदेशकों और 1 अध्यक्ष द्वारा किया जाता है।
  • दिनेश कुमार खारा वर्तमान में एसबीआई के अध्यक्ष हैं।
  • सी.एस.सेट्टी, अश्विनी कुमार तिवारी और आलोक कुमार चौधरी एसबीआई के अन्य एमडी हैं।
Showing 1-10 of 2,601 items.