आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना में सबसे अधिक लाभार्थी महाराष्ट्र से

  • 17 Dec 2021

13 दिसंबर, 2021 को श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली द्वारा लोक सभा में दी गई जानकारी के अनुसार ‘आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना’ (ABRY) के तहत सबसे अधिक लाभार्थियों वाले राज्यों की सूची में सबसे ऊपर महाराष्ट्र है, इसके बाद तमिलनाडु और गुजरात का स्थान है।

(Image Source: https://newsonair.com/)

महत्वपूर्ण तथ्य: 4 दिसंबर, 2021 तक, महाराष्ट्र में 6,49,560 लाभार्थी दर्ज किए गए, इसके बाद तमिलनाडु (5,35,615), गुजरात (4,44,741) और कर्नाटक (3,07,164) में हैं।

  • महाराष्ट्र में, लाभार्थियों को योजना के तहत 17,524 प्रतिष्ठानों के नए कर्मचारियों को कुल 409.72 करोड़ रुपए प्रदान किए गए हैं।
  • तमिलनाडु में, लाभार्थियों को 300.46 करोड़ रुपए प्रदान किए गए, जबकि गुजरात में, इस योजना के तहत 278.63 करोड़ रुपए की धनराशि प्रदान की गई है।
  • सरकार ने 1 अक्टूबर, 2020 से 31 मार्च, 2022 तक की अवधि के लिए कोविड-19 के दौरान कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) पंजीकृत प्रतिष्ठानों में रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करने के लिए 'आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना' लॉन्च की थी।
  • आत्मनिर्भर भारत रोजगार योजना के तहत, सरकार 1,000 कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों के संबंध में कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों की ओर से वेतन के 24% (प्रत्येक के लिए वेतन का 12%) और 1,000 से अधिक कर्मचारियों को रोजगार देने वाले प्रतिष्ठानों के लिए वेतन के 12% अंशदान का भुगतान कर रही है।