नॉन-फंजिबल टोकन

  • 29 Jan 2022

नॉन-फंजिबल टोकन (Non-Fungible Token: NFT) एक अद्वितीय, अपरिवर्तनीय टोकन है, जिसका उपयोग संगीत, कलाकृति, यहां तक कि ट्वीट और मीम (memes) जैसी डिजिटल परिसंपत्तियों के स्वामित्व को साबित करने के लिए किया जा सकता है।

  • किसी व्यक्ति के पास NFT का होना यह दर्शाता है कि उसके पास कोई अद्वितीय (यूनिक) डिजिटल परिसंपत्ति है, जो दुनिया में और किसी के भी पास नहीं है। नॉन-फंजिबल शब्द का सीधा सा अर्थ है कि प्रत्येक टोकन अलग है।
  • एक NFT को दूसरे NFT के साथ नहीं बदला जा सकता क्योंकि दोनों अलग हैं और इसलिए अद्वितीय हैं। प्रत्येक टोकन का एक अलग मूल्य होता है, जो इस बात पर निर्भर करता है कि वह किस संपत्ति का प्रतिनिधित्व करता है।
  • NFT 2021 में लोकप्रिय हुआ, जब कलाकारों द्वारा इसे अपने काम से कमाई करने के एक सुविधाजनक तरीके के रूप में देखा जाने लगा।
  • NFT लेनदेन ब्लॉकचेन पर दर्ज किए जाते हैं, जो एक डिजिटल सार्वजनिक खाता बही है, जिसमें अधिकांश NFT इथेरियम ब्लॉकचेन का हिस्सा हैं। ब्लॉकचेन पर एक डिजिटल परिसंपति के स्वामित्व का पंजीकरण करना NFT कहलाता है।
  • NFT एक नई तरह की वित्तीय प्रणाली का एक हिस्सा है, जिसे विकेंद्रीकृत वित्त (decentralised finance) कहा जाता है, जो बैंकों जैसे संस्थानों की भागीदारी को दूर करता है।