भारत एवं इजराइल: विशेष रणनीतिक साझेदारी

  • 27 Feb 2026

26 फरवरी, 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजराइल की 2 दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान भारत और इजराइल ने 16 समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए तथा द्विपक्षीय संबंधों को औपचारिक रूप से ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ (Special Strategic Partnership) के रूप में उन्नत किया।

मुख्य बिंदु

  • UPI-आधारित सीमा पार प्रेषण (Remittances): NPCI इंटरनेशनल (NIPL) और इजराइल के प्रमुख पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर ‘मासव’ (MASAV) के बीच हुए समझौते से भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) का उपयोग करके सीमा पार धन प्रेषण संभव हो सकेगा।
  • भारत-इजराइल कृषि नवाचार केंद्र (IINCA): ICAR और इजराइल की अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एजेंसी ‘माशव’ (MASHAV) के तहत स्थापित यह केंद्र प्रिसिजन फार्मिंग (सटीक खेती), उपग्रह-आधारित सिंचाई, उन्नत मशीनरी, कीट प्रबंधन और कटाई के बाद के समाधानों पर ध्यान केंद्रित करेगा।
  • मत्स्य पालन और एक्वाकल्चर सहयोग: यह समझौता समुद्री कृषि (Mariculture), समुद्री शैवाल की खेती, रोग प्रबंधन और अनुसंधान एवं विकास (R&D) को बढ़ावा देता है।
  • भू-भौतिकीय एवं एआई सहयोग: उन्नत भू-भौतिकीय खनिज अन्वेषण के क्षेत्र में सहयोग पर एक समझौता हुआ।
  • समुद्री विरासत विकास: लोथल, गुजरात में राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (NMHC) के विकास के लिए सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित हुआ।
  • सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम (2026-2029): इस समझौते के तहत संगीत, रंगमंच, नृत्य, दृश्य कला और उत्सवों को शामिल किया गया है।
  • श्रम गतिशीलता प्रोटोकॉल (Labour Mobility): तीन समझौतों के माध्यम से वाणिज्य, सेवाओं, विनिर्माण और रेस्तरां क्षेत्रों में भारतीय श्रमिकों की विनियमित भर्ती को सुगम बनाया जाएगा।
  • साइबर सुरक्षा सहयोग: भारत में ‘भारत-इजराइल साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित करने के लिए आशय पत्र (LoI) पर हस्ताक्षर हुए।
  • फिनटेक और मध्यस्थता (Arbitration): अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (IFSCA) और इजराइल प्रतिभूति प्राधिकरण (ISA) के बीच फिनटेक और रेगटेक पर समझौता ज्ञापन (MoUs); तथा इजराइली वाणिज्यिक मध्यस्थता संस्थान (IICA) और भारतीय मध्यस्थता परिषद (ICA) के बीच वाणिज्यिक मध्यस्थता पर समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित हुआ।