भारत और जमैका ने 3 समझौतों (MoUs) पर किए हस्ताक्षर

  • 06 May 2026

2 से 4 मई, 2026 तक भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर की जमैका की आधिकारिक यात्रा के दौरान, भारत और जमैका ने द्विपक्षीय सहयोग और विकास साझेदारी को मज़बूत करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सहयोग, सौर ऊर्जा (सोलरवाइजेशन) और प्रसारण (ब्रॉडकास्टिंग) के क्षेत्रों में तीन समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए।

मुख्य बिंदु

  • मौजूदा परियोजनाओं की समीक्षा: दोनों पक्षों ने डिजिटल परिवर्तन, खेल, संस्कृति और डिजिटल भुगतान के क्षेत्रों में चल रहे सहयोग की समीक्षा की।
  • भारत-संयुक्त राष्ट्र विकास साझेदारी: 'भारत-यूएन डेवलपमेंट पार्टनरशिप फंड' के तहत खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) द्वारा किट्सन टाउन में लागू की गई "इम्प्रूविंग रूरल लाइवलीहुड्स" (ग्रामीण आजीविका में सुधार) परियोजना पूरी हो चुकी है, जिससे 200 से अधिक जमैका वासियों को सीधा लाभ मिला है।
  • आपदा रिकवरी सहायता: भारत ने जमैका को 10 'भीष्म' (BHISHM) आपातकालीन चिकित्सा इकाइयां सौंपकर चक्रवात 'मेलिसा' (Hurricane Melissa) से उबरने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
  • अतिरिक्त सहायता: भारत ने स्वास्थ्य ढांचे और आजीविका को सहारा देने के लिए 30 डायलिसिस इकाइयां, इंजन सहित 40 मछली पकड़ने वाली नावें और 200 जीपीएस (GPS) उपकरण प्रदान करने की घोषणा की।
  • आर्टिसन एम्पॉवरमेंट हब (Artisan Empowerment Hub): भारत-कैरीकॉम (CARICOM) विकास साझेदारी ढांचे के तहत जमैका में एक कारीगर सशक्तिकरण केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
  • सहयोग के प्राथमिकता वाले क्षेत्र: दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य सेवा, कृषि, बुनियादी ढांचा (इन्फ्रास्ट्रक्चर), पर्यटन, शिक्षा, डिजिटलीकरण और क्षमता निर्माण पर मुख्य ध्यान केंद्रित किया गया।
  • प्रशिक्षण सहायता का विस्तार: भारत ने जमैका के लिए 'आईटीईसी' (ITEC) रक्षा प्रशिक्षण स्लॉट की संख्या 6 से बढ़ाकर 34 कर दी और आईसीसीआर (ICCR) छात्रवृत्ति के साथ-साथ 'ई-विद्याभारती' व 'आईगॉट कर्मयोगी' (iGOT Karmyogi) जैसे डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म को बढ़ावा दिया।
  • बहुपक्षीय समन्वय: भारत और जमैका ने ग्लोबल साउथ (Global South), जलवायु न्याय, क्लाइमेट फाइनेंस और छोटे द्वीप विकासशील देशों (SIDS) से जुड़े मुद्दों पर करीबी सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।
  • यूएनएससी (UNSC) समर्थन: वर्ष 2028-29 के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की अस्थायी सदस्यता की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए भारत ने जमैका का आभार व्यक्त किया।
  • आतंकवाद विरोधी सहयोग: दोनों पक्षों ने हर प्रकार के आतंकवाद की निंदा की और अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद पर व्यापक अभिसमय (Comprehensive Convention on International Terrorism - CCIT) को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने का समर्थन किया।