ऑस्ट्रेलिया में ‘बैलिस्टा स्पाइडर’ की खोज

  • 25 Jun 2026

जून 2026 में वैज्ञानिकों ने ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी क्वींसलैंड के वर्षावनों में जाला बनाने वाली मकड़ी (Cobweb Spider) की एक नई प्रजाति की खोज की, जिसे उसके विशिष्ट शिकार तंत्र के कारण ‘बैलिस्टा स्पाइडर’ (Ballista Spider) उपनाम दिया गया है।

मुख्य बिंदु

  • यह मकड़ी थेरिडिडी (Theridiidae) कुल के अंतर्गत आने वाली प्रोपोस्टिरा (Propostira) वंश से संबंधित है और इसे अभी तक औपचारिक वैज्ञानिक नाम प्रदान नहीं किया गया है।
  • इसे ‘बैलिस्टा स्पाइडर’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसकी शिकार करने की विधि प्राचीन रोमन ‘बैलिस्टा’ नामक युद्ध यंत्र से मिलती-जुलती है, जिसका उपयोग प्रक्षेपास्त्रों को दूर तक प्रक्षेपित करने के लिए किया जाता था।
  • यह मकड़ी रेशम (Silk) से संचालित एक विशेष जाल बनाती है, जिसमें तनी हुई रेशमी डोरियों के भीतर प्रत्यास्थ ऊर्जा (Elastic Energy) संचित रहती है।
  • शिकार के संपर्क में आते ही यह ऊर्जा तत्काल मुक्त हो जाती है, जिससे शिकार तीव्र गति से उछलकर मकड़ी के जाल में फंस जाता है।
  • यह जाल विशेष रूप से ग्रीन ट्री एंट (Oecophylla smaragdina) को पकड़ने के लिए अनुकूलित है, जो अपने आक्रामक व्यवहार, शक्तिशाली काटने की क्षमता तथा सामूहिक रक्षा प्रणाली के लिए जानी जाती है।
  • यह खोज मकड़ियों के व्यावहारिक अनुकूलन तथा शिकार रणनीतियों की जटिलता को समझने में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करती है।