RBI रिपोर्ट में निजी कॉरपोरेट क्षेत्र की मजबूत वृद्धि का संकेत

  • 25 Jun 2026

24 जून, 2026 को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वर्ष 2025-26 के दौरान निजी कॉरपोरेट व्यावसायिक क्षेत्र के प्रदर्शन पर अपनी रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट के अनुसार, सूचीबद्ध निजी गैर-सरकारी गैर-वित्तीय (NGNF) कंपनियों की बिक्री में 10.1% की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे दो वर्षों के बाद पुनः दोहरे अंक की वृद्धि हासिल हुई।

मुख्य बिंदु

  • विनिर्माण क्षेत्र अग्रणी: विनिर्माण क्षेत्र में बिक्री वृद्धि दर बढ़कर 10.8% हो गई, जबकि पिछले वर्ष यह 6.0% थी।
  • प्रमुख प्रदर्शनकारी उद्योग: ऑटोमोबाइल, विद्युत मशीनरी, खाद्य एवं पेय पदार्थ तथा रसायन उद्योगों ने विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि को गति प्रदान की, जबकि पेट्रोलियम क्षेत्र में बिक्री में गिरावट का रुझान जारी रहा।
  • सेवा क्षेत्र का प्रदर्शन: सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कंपनियों की बिक्री वृद्धि 7.9% रही, जो पिछले वर्ष के 7.1% से अधिक है। वहीं गैर-आईटी सेवा क्षेत्र में थोक एवं खुदरा व्यापार के नेतृत्व में दोहरे अंक की वृद्धि बनी रही।
  • लाभप्रदता में सुधार: कच्चे माल की लागत में 12% वृद्धि के बावजूद विनिर्माण कंपनियों ने परिचालन लाभ वृद्धि दर को बढ़ाकर 10.3% कर लिया, जबकि पिछले वर्ष यह 6.0% थी।
  • सेवा क्षेत्र में लाभ वृद्धि: आईटी कंपनियों की परिचालन लाभ वृद्धि दर 10.7% रही, जबकि गैर-आईटी सेवा कंपनियों ने 7.1% की वृद्धि दर्ज की।
  • महत्त्व: रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि निजी कॉरपोरेट क्षेत्र में मांग, उत्पादन एवं लाभप्रदता की स्थिति मजबूत बनी हुई है, जो भारतीय अर्थव्यवस्था की समग्र विकास संभावनाओं के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।