भारतीय पत्तन विधेयक, 2020 का मसौदा

  • 16 Dec 2020

पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय ने 11 दिसंबर, 2020 को भारतीय पत्तन विधेयक, 2020 का मसौदा जनता के परामर्श के लिए जारी किया। यह विधेयक भारतीय पत्तन कानून, 1908 को निरस्त कर उसका स्थान लेगा।

महत्वपूर्ण तथ्य: यह विधेयक निम्न तरीकों से भारत में पत्तन क्षेत्र की प्रगति और सतत् विकास के लिए एक सक्षम वातावरण बनाने की कोशिश करता है।

  • समुद्री पत्तन नियामक प्राधिकरण का गठन।
  • तटीय राज्यों की सरकारों, राज्यों के समुद्री बोर्डों और अन्य हितधारकों के परामर्श से राष्ट्रीय पत्तन नीति और राष्ट्रीय पत्तन योजना तैयार करना।
  • पत्तन क्षेत्र में किसी भी गैर-प्रतिस्पर्धी कार्रवाई पर अंकुश लगाने और एक त्वरित और वहन योग्य शिकायत निवारण तंत्र के रूप में कार्य करने के लिए विशेष समुद्री न्यायाधिकरणों जैसे - समुद्री पत्तन न्यायाधिकरण और समुद्री पत्तन अपीलीय न्यायाधिकरण का गठन करना।