विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट 2020

  • 18 Mar 2021

16 मार्च, 2021 को स्विस वायु गुणवत्ता प्रौद्योगिकी कंपनी ‘आइक्यू एयर’ (IQAir) द्वारा तैयार ‘विश्व वायु गुणवत्ता रिपोर्ट 2020’ (World Air Quality Report 2020) जारी की गई।

महत्वपूर्ण तथ्य: वैश्विक शहरों की रैंकिंग 106 देशों के PM2.5 डेटा पर आधारित है।

  • नई दिल्ली दुनिया में सबसे प्रदूषित राजधानी शहर है, हालांकि भारत ने, 2020 में अपने औसत वार्षिक पीएम 2.5 (पार्टिकुलेट मैटर) के स्तर में 2019 की तुलना में सुधार किया है।
  • भारत, दुनिया भर के शीर्ष 30 सबसे प्रदूषित शहरों में से 22 शहरों के साथ, सबसे प्रदूषित शहरों की रैंकिंग में सबसे ऊपर है।
  • रिपोर्ट के अनुसार, चीन के होतान शहर के बाद गाजियाबाद दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर है।
  • शीर्ष 10 प्रदूषित शहरों की सूची में आठ अन्य भारतीय शहर हैं – बुलंदशहर ( तीसरे), बिसरख जलालपुर (चौथे), भिवाड़ी (पांचवें), नोएडा (छठे), ग्रेटर नोएडा (सातवें), कानपुर (आठवें), लखनऊ (नौवें) तथा दिल्ली (दसवें)।
  • भारत में वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों में परिवहन, खाना पकाने के लिए जैव ईंधन जलाना, बिजली उत्पादन, उद्योग, निर्माण, अपशिष्ट दहन और समय-समय पर कृषि-अपशिष्टों का दहन आदि शामिल हैं।
  • रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश और पाकिस्तान 2020 में भारत की तुलना में खराब औसत पीएम 2.5 वाले देश थे। इसके बाद भारत तीसरा सर्वाधिक प्रदूषित देश है।

प्रदूषित राजधानी शहर: ढाका दूसरे, उलानबटोर (मंगोलिया) तीसरे, काबुल चौथे तथा दोहा (कतर) पांचवें स्थान पर है।