डीप सबमर्जेंस राहत पोत

  • 24 Apr 2021

भारतीय नौसेना ने इंडोनेशियाई पनडुब्बी ‘केआरआई नांग्गला 402’ (KRI Nanggala 402) की खोज और बचाव प्रयासों की सहायता के लिए 22 अप्रैल, 2021 को अपना ‘डीप सबमर्जेंस राहत पोत’ (Deep Submergence Rescue Vessel- DSRV) भेजा था। हालाँकि बाद में इंडोनेशियाई नौसेना ने इस पनडुब्बी के डूबने की घोषणा कर दी है।

महत्वपूर्ण तथ्य: ‘केआरआई नांग्गला 402’ (KRI Nanggala 402) 21 अप्रैल, 2021 को लापता हो गया था। पनडुब्बी 53 कर्मियों के एक दल के साथ बाली के 25 मील उत्तर में एक स्थान में अभ्यासरत थी।

  • जर्मन-निर्मित पनडुब्बी 1981 से इंडोनेशियाई नौसेना के साथ सेवा में थी और 2012 में दक्षिण कोरिया में इसकी दो साल की मरम्मत पूरी की गई थी।
  • भारत दुनिया के कुछ चुनिंदा देशों में शामिल है, जो DSRV की मदद से निष्क्रिय पनडुब्बी की तलाश कर सकता है।
  • भारतीय नौसेना की DSRV प्रणाली अपने अत्याधुनिक साइड स्कैन सोनार (side scan sonar) और दूरस्थ संचालित वाहन (remotely operated vehicle) का उपयोग करते हुए 1000 मीटर गहराई तक पनडुब्बी का पता लगा सकती है।
  • पनडुब्बी का सफलतापूर्वक पता लगाने के बाद DSRV का एक उप मॉड्यूल ‘पनडुब्बी बचाव वाहन’ (Submarine Rescue Vehicle-SRV) डूबी पनडुब्बी के पास फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए जाता है। SRV का इस्तेमाल पनडुब्बी में फंसे लोगों को आपात आपूर्ति करने के लिए भी किया जा सकता है।
  • भारतीय नौसेना ने दिसंबर 2018 में DSRV को पनडुब्बी बचाव के लिए एक महत्वपूर्ण क्षमता पर तैनात किया और तब से मुंबई और विशाखापत्तनम में दो DSRV तैनात किए हैं।