संयुक्त जिला शिक्षा सूचना प्रणाली प्लस 2019-20 रिपोर्ट

  • 27 Jul 2021

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा 1 जुलाई, 2021 को भारत में स्कूली शिक्षा के लिए ‘संयुक्त जिला शिक्षा सूचना प्रणाली प्लस 2019-20 रिपोर्ट’ (United District Information System for Education Plus: UDISE+ 2019-20 Report) जारी की गई।

रिपोर्ट के मुख्य बिंदु: 2019-20 में पूर्व-प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक तक स्कूली शिक्षा में कुल छात्रों की संख्या 26.45 करोड़ के पार पहुंच गई, जो 2018-19 की तुलना में 42.3 लाख अधिक है।

  • स्कूली शिक्षा के सभी स्तरों पर ‘सकल नामांकन अनुपात’ में सुधार हुआ है। 2019-20 में (2018-19 से) उच्च प्राथमिक स्तर पर ‘सकल नामांकन अनुपात’ बढ़कर 89.7% (87.7% से), प्रारंभिक स्तर पर 97.8% (96.1% से), माध्यमिक स्तर पर 77.9% (76.9% से) और उच्च माध्यमिक स्तर पर 51.4% (50.1% से) हो गया।
  • स्कूली शिक्षा के सभी स्तरों पर ‘छात्र शिक्षक अनुपात’ (पीटीआर) में सुधार हुआ है। 2019-20 में प्राथमिक के लिए पीटीआर 26.5, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक के लिए पीटीआर 18.5 और उच्च माध्यमिक के लिए पीटीआर 26.1 हो गया।
  • 2019-20 में प्राथमिक से उच्च माध्यमिक तक ‘लड़कियों का नामांकन’ 12.08 करोड़ से अधिक है। यह 2018-19 की तुलना में 14.08 लाख की वृद्धि है।
  • 2012-13 और 2019-20 के बीच, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक दोनों स्तरों पर ‘लिंग समानता सूचकांक’ (जीपीआई) में सुधार हुआ है। उच्चतर माध्यमिक स्तर पर जीपीआई में सबसे अधिक सुधार हुआ, जो 2012-13 में 0.97 से बढ़कर 2019-20 में 1.04 हो गया।
  • 2019-20 में चालू बिजली, चालू कंप्यूटर, इंटरनेट सुविधा वाले स्कूलों की संख्या में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
  • 2012-13 में हाथ धोने की सुविधा वाले स्कूलों की संख्या केवल 36.3% थी; वर्ष 2019-20 में यह बढ़कर 90% से अधिक हो गई है।
  • अन्य तथ्य: स्कूलों से ऑनलाइन डेटा संग्रह की UDISE+ प्रणाली को वर्ष 2018-19 में विकसित किया गया था।