भारत की सबसे बुजुर्ग स्लॉथ बीयर 'गुलाबो' की मृत्यु

  • 20 Jan 2022

'गुलाबो' नाम की भारत की सबसे बुजुर्ग मादा स्लॉथ बीयर (sloth bear) की 9-10 जनवरी, 2022 की रात भोपाल के ‘वन विहार राष्ट्रीय उद्यान और चिड़ियाघर’ में मौत हो गई। गुलाबो की उम्र 40 वर्ष थी।


(Image Source: https:// twitter.com/van_vihar)

महत्वपूर्ण तथ्य: गुलाबो को मई 2006 में 25 साल की उम्र में एक मदारी (नुक्कड़ कलाकार) से बचाया गया था।

स्लॉथ बीयर: इसे वैज्ञानिक रूप से ‘मेलर्सस उर्सिनस’ (Melursus ursinus) के रूप में जाना जाता है।

  • यह भारतीय उपमहाद्वीप का मूल निवासी है और भारत, नेपाल, भूटान और श्रीलंका में पाया जाताहै।
  • इसका प्रमुख आहार फल, चींटियां और दीमक है।
  • ये शुष्क उष्णकटिबंधीय जंगलों, सवाना, झाड़ी और घास के मैदानों सहित भारतीय मुख्य भूमि पर पर्यावास की एक विस्तृत शृंखला में पाये जाते हैं।
  • IUCN द्वारा इसे 'अतिसंवेदंशील (Vulnerable) प्रजाति के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
  • यह CITES के परिशिष्ट I में सूचीबद्ध है और भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची I के तहत पूरी तरह से संरक्षित हैं।

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान: यह भोपाल की प्रसिद्ध ‘ऊपरी झील’ के पास स्थित है, जिसे 'बड़ा तालाब' के रूप में भी जाना जाता है, जो एक रामसर स्थल है और भोज आर्द्रभूमि की दो झीलों में से एक है। यहाँ ‘स्लॉथ बीयर बचाव और प्रजनन केंद्र’ भी है।

  • वन विहार को 1983 में राष्ट्रीय उद्यान का दर्जा दिया गया। यह राष्ट्रीय उद्यान, एक चिड़ियाघर, जंगली जानवरों के लिए बचाव केंद्र और चयनित महत्वपूर्ण प्रजातियों के लिए संरक्षण प्रजनन केंद्र का अनूठा संयोजन है।