भारत का मातृ मृत्यु अनुपात

  • 26 Mar 2022

भारत के महापंजीयक द्वारा 14 मार्च, 2022 को जारी एक विशेष बुलेटिन के अनुसार भारत के मातृ मृत्यु अनुपात (MATERNAL MORTALITY RATIO: MMR) में 10 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है।

(Image Source: https://twitter.com/pariktank/)

महत्वपूर्ण तथ्य: यह 2016-18 में 113 से घटकर 2017-19 में 103 हो गया है, जो 8.8% की गिरावट को दर्शाता है।

  • देश में MMR में लगातार कमी देखी गई है। यह 2014-16 में 130, 2015-17 में 122 और 2016-18 में 113 से 2017-19 में 103 पर पहुँच गया है।
  • भारत 2020 तक 100/लाख जीवित जन्म के राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति के MMR लक्ष्य को हासिल करने और 2030 तक निश्चित रूप से 70/ लाख जीवित जन्म के सतत विकास लक्ष्य को प्राप्त करने के मार्ग पर अग्रसर है।
  • सतत विकास लक्ष्य हासिल करने वाले राज्यों की संख्या अब पांच से बढ़कर सात हो गई है - केरल (30), महाराष्ट्र (38), तेलंगाना (56), तमिलनाडु (58), आंध्र प्रदेश (58), झारखंड (61), और गुजरात (70)।
  • अब नौ ऐसे राज्य हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति द्वारा निर्धारित MMR लक्ष्य हासिल कर लिया है, जिसमें उपरोक्त सात राज्य और कर्नाटक (83) और हरियाणा (96) शामिल हैं।
  • उत्तराखंड (101), पश्चिम बंगाल (109), पंजाब (114), बिहार (130), ओडिशा (136) और राजस्थान (141) में MMR 100 और 150 के बीच है, जबकि छत्तीसगढ़ (160), मध्य प्रदेश (163), उत्तर प्रदेश (167) और असम (205) का MMR 150 से अधिक है।
  • उत्तर प्रदेश ने उत्साहजनक उपलब्धि दर्ज की है, जहां 30 अंकों की अधिकतम गिरावट दर्ज की गई है, इसके अलावा राजस्थान (23 अंक), बिहार (19 अंक), पंजाब (15 अंक) और ओडिशा (14 अंक) में भी MMR अनुपात में गिरावट आई है।