अमेरिका द्वारा 'आतंकवाद के राज्य प्रायोजक' के रूप में नामित करना

  • 26 Apr 2022

अप्रैल 2022 में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाईडेन से रूस को 'आतंकवाद के प्रायोजक राज्य' (state sponsor of terrorism) के रूप में नामित करने का अनुरोध किया है।

  • ऐसा करने से रूस के खिलाफ अमेरिकी सरकार के पास उपलब्ध सबसे कठोर प्रतिबंधों को सक्रिय किया जा सकेगा।
  • अमेरिकी विदेश मंत्री के पास "अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद के कृत्यों के लिये बार-बार समर्थन प्रदान करने वाले देशों" को 'आतंकवाद के राज्य प्रायोजक' के रूप में नामित करने की शक्ति होती है।
  • अमेरिका इस सूची में शामिल देशों पर चार प्रकार के प्रतिबंध लगा सकता है- अमेरिकी विदेशी सहायता पर प्रतिबंध; रक्षा निर्यात और बिक्री पर प्रतिबंध; दोहरे उपयोग वाली वस्तुओं के निर्यात पर कुछ नियंत्रण; और विविध वित्तीय और अन्य प्रतिबंध।
  • इसके तहत उन देशों और व्यक्तियों पर भी प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं, जो निर्दिष्ट देशों के साथ कुछ व्यापार में संलग्न हैं।
  • अब तक, आतंकवाद के राज्य प्रायोजकों की सूची में चार देश हैं। इनमें सबसे पहले सीरिया (29 दिसंबर, 1979), उसके बाद ईरान (19 जनवरी, 1984) और उत्तर कोरिया (20 नवंबर, 2017) को नामित किया गया था। 12 जनवरी, 2021 को क्यूबा को आतंकवाद के राज्य प्रायोजक के रूप में फिर से नामित किया गया था।