सामयिक - 22 May 2025
आठ प्रमुख उद्योगों में 0.5% की वृद्धि
21 मई, 2025 को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 में आठ प्रमुख उद्योगों (Eight Core Industries) के संयुक्त सूचकांक (ICI) में वार्षिक आधार पर केवल 0.5% की वृद्धि दर्ज की गई, जो आठ महीनों में सबसे कम है।
मुख्य तथ्य:
- कुल योगदान: आठ प्रमुख उद्योग (कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट, बिजली) औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) में 40.27% का भार रखते हैं।
- सकारात्मक वृद्धि वाले क्षेत्र: सीमेंट उत्पादन में 6.7% वृद्धि, कोयला 3.5%, इस्पात 3%, बिजली 1% और प्राकृतिक गैस 0.4% की वृद्धि दर्ज की गई।
- गिरावट वाले क्षेत्र: पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों में 4.5%, उर्वरक में 4.2% और कच्चे तेल में 2.8% की गिरावट दर्ज की गई।
- तुलनात्मक वृद्धि: मार्च 2025 में आठ प्रमुख उद्योगों की वृद्धि 4.6% थी, जबकि अप्रैल 2024 में यह 6.9% थी, यानी अप्रैल 2025 में वृद्धि दर में उल्लेखनीय गिरावट आई।
- वार्षिक संचयी वृद्धि: अप्रैल 2024 से मार्च 2025 तक आठ प्रमुख उद्योगों की संचयी वृद्धि दर 4.5% (अनंतिम) रही।
गुजरात में एशियाई शेरों की जनसंख्या में 32% वृद्धि
21 मई, 2025 को गुजरात वन विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात में एशियाई शेरों की जनसंख्या 2020 से 2025 के बीच 32% बढ़कर 891 हो गई है।
मुख्य तथ्य:
- जनसंख्या वृद्धि: 2020 की गणना में 674 शेर थे, जो 2025 में बढ़कर 891 हो गए; यह 217 शेरों की वृद्धि (32%) है।
- मादा शेर: वयस्क मादा शेरों की संख्या 27% बढ़कर 330 हो गई, जो भविष्य में जनसंख्या वृद्धि का संकेत है।
- क्षेत्रीय विस्तार: शेरों का क्षेत्र 2020 के 30,000 वर्ग किमी से बढ़कर 2025 में 35,000 वर्ग किमी (16.67% वृद्धि) हो गया; अब 891 में से 507 शेर संरक्षित क्षेत्रों के बाहर हैं।
- सर्वेक्षण प्रक्रिया: 16वीं एशियाई शेर गणना 10-13 मई, 2025 को 11 जिलों के 58 तालुकों में 35,000 वर्ग किमी क्षेत्र में की गई; इसमें लगभग 3,000 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
- संरक्षण परियोजना: मार्च 2025 में प्रधानमंत्री ने ₹2,900 करोड़ की ‘प्रोजेक्ट लायन’ को मंजूरी दी, जिससे शेरों के आवास में सुधार और नए आवास विकसित किए जाएंगे।
देशभर में 103 अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन
21 मई, 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के देशनोक से देशभर के 18 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 86 जिलों में 103 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का उद्घाटन किया।
मुख्य तथ्य:
- परियोजना लागत: इन स्टेशनों का विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया।
- राज्यों में वितरण: 103 स्टेशनों में 19 उत्तर प्रदेश, 18 गुजरात, 15 महाराष्ट्र, 9 तमिलनाडु, 6 मध्य प्रदेश, 5-5 छत्तीसगढ़ व कर्नाटक में हैं; राजस्थान के 8 स्टेशन (देशनोक, बूंदी, मंडलगढ़, गोगामेड़ी, गोविंदगढ़, मंडावर-महुवा रोड, फतेहपुर शेखावाटी, राजगढ़) शामिल हैं।
- कुल लक्ष्य: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1,300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास प्रस्तावित है; 2027 तक लगभग 500 स्टेशनों का काम पूरा करने का लक्ष्य है।
- विशेषताएं: पुनर्विकसित स्टेशनों के डिज़ाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित हैं; यात्री सुविधाएं, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, स्वच्छता, आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और टिकाऊ निर्माण पर विशेष ध्यान दिया गया है।
- अन्य परियोजनाएं: प्रधानमंत्री ने राजस्थान में रेलवे, सड़क, विद्युत, जल और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों से जुड़े 26,000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्रको समर्पण भी किया।
मणिपुर के शिरुई लिली फूल को वर्तमान में किस श्रेणी में रखा गया है? -- लुप्तप्राय। |
हाल ही में चर्चा में रहे, ‘शिरुई लिली महोत्सव’ भारत के किस राज्य में आयोजित किया जाता है? -- मणिपुर |
भारत में ट्रेजरी बिल (T-Bill) की परिपक्वता अवधि क्या है? -- 91 दिन, 182 दिन, 364 दिन। |
हाल ही में चर्चा में रहे, ‘गाम्बर्टसेव’ उपग्लेशियल पर्वत कहाँ स्थित हैं? -- पूर्वी अंटार्कटिका |
हाल ही में चर्चा में रहे, चंबल नदी पर बने मुख्य बांध कौन से हैं? -- गांधी सागर, राणा प्रताप सागर। |
ओलिव रिडले कछुए की सामूहिक घोंसले की प्रक्रिया को क्या कहते हैं? -- अरिबाडा। |
दैनिक समसामयिकी
पुराने करंट अफेयर्स देखने के लिए, कृपया नीचे तिथि चुनें