भारत जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए अधिसूचना जारी

  • 08 Jan 2026

7 जनवरी, 2026 को केंद्र सरकार ने भारत जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए अधिसूचना जारी की, जिसके तहत इस वर्ष 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में घरों की सूची बनाने का कार्य होगा।

मुख्य तथ्य:

  • प्रथम चरण का कार्य: जनगणना का प्रथम चरण “घरों की सूची बनाना एवं आवास जनगणना” (Houselisting and Housing Census) होगा, जो 1 अप्रैल से 30 सितंबर, 2026 के बीच हर राज्य/केंद्र शासित प्रदेश द्वारा निर्धारित 30 दिवसीय अवधि में किया जाएगा।
  • स्व-गणना की सुविधा: घर-घर जाकर सूची बनाने के शुरू होने से 15 दिन पहले तक नागरिकों के लिए स्व-गणना (self-enumeration) की सुविधा रहेगी, जिसकी अवधि राज्य/केंद्र शासित प्रदेश द्वारा अधिसूचित तिथियों के अनुसार होगी।
  • द्वितीय चरण: जनगणना का दूसरा चरण “जनसंख्या गणना” (Population Enumeration) फरवरी 2027 में होगा, जिसमें हर घर के सभी व्यक्तियों के जनसांख्यिकीय, सामाजिक–आर्थिक, सांस्कृतिक एवं अन्य विवरण एकत्र किए जाएँगे।
  • विशेष क्षेत्रों के लिए अलग तिथि: लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फ से ढके असमकालिक क्षेत्रों में जनसंख्या गणना इसी वर्ष सितंबर में की जाएगी।
  • पहली बार डिजिटल जनगणना: यह भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें डेटा संग्रह के लिए एंड्रॉइड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म के मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा।
  • क्षेत्रीय कार्यकर्ता: डेटा संग्रह, निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए लगभग 30 लाख क्षेत्रीय कार्यकर्ता—जैसे गणक, पर्यवेक्षक, मास्टर प्रशिक्षक, चार्ज अधिकारी तथा मुख्य/जिला जनगणना अधिकारी—तैनात किए जाएँगे।