दिल्ली सरकार की ‘लखपति बिटिया योजना’

  • 11 Feb 2026

10 फरवरी, 2026 को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के शुभारंभ की घोषणा की।

  • यह वर्ष 2008 की लाडली योजना का उन्नत संस्करण है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना तथा उनकी शिक्षा को निर्बाध रूप से जारी रखना है।

प्रमुख बिंदु

  • इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को अधिकतम ₹56,000 तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
  • यह राशि जन्म से लेकर स्नातक अथवा डिप्लोमा स्तर की शिक्षा तक विभिन्न शैक्षणिक चरणों पर किश्तों में जमा की जाएगी।
  • संचित राशि को संरचित वित्तीय साधनों के माध्यम से निवेश किया जाएगा और परिपक्वता (Maturity) पर लाभार्थी के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में जारी किया जाएगा, जो ब्याज सहित संभावित रूप से ₹1 लाख से अधिक हो सकती है।
  • पात्रता की शर्तों के अनुसार, यह आवश्यक है कि बालिका का जन्म दिल्ली में हुआ हो तथा उसका परिवार कम-से-कम 3 वर्षों से दिल्ली में निवास कर रहा हो।
  • परिवार की वार्षिक आय ₹1.20 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक परिवार की अधिकतम 2 जीवित बालिकाओं को ही लाभ प्रदान किया जाएगा।
  • पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर किया जा सकता है या बाद में कक्षा I, VI, IX, XI अथवा उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय भी आवेदन किया जा सकता है।