प्रधानमंत्री रिसर्च चेयर (PMRC) योजना 2026

  • 03 Jun 2026

2 जून, 2026 को शिक्षा मंत्रालय ने ‘प्रधानमंत्री रिसर्च चेयर (PMRC) योजना 2026’ के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य दुनिया भर से भारतीय मूल के प्रतिष्ठित शोधकर्ताओं और पेशेवरों को आकर्षित करना है ताकि भारत के अनुसंधान और नवाचार पारिस्थितिक तंत्र को और मजबूत किया जा सके।

मुख्य बिंदु

  • योजना का उद्देश्य: यह योजना वैश्विक स्तर पर मौजूद भारतीय प्रतिभाओं को भारत के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों, अनुसंधान केंद्रों और राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं से जोड़ने का प्रयास करती है।
  • लक्षित लाभार्थी: इसके लिए विदेशों में काम कर रहे भारतीय नागरिक, ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारक और उल्लेखनीय अनुसंधान उपलब्धियों वाले भारतीय मूल के व्यक्ति (PIOs) आवेदन करने के पात्र हैं।
  • प्राथमिकता वाले क्षेत्र: यह योजना 13 रणनीतिक क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करती है, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर्स, बायोटेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, अंतरिक्ष, रक्षा, जलवायु परिवर्तन, उन्नत सामग्री (Advanced Materials), संचार, विनिर्माण, कृषि, ब्लू इकोनॉमी और परमाणु ऊर्जा शामिल हैं।
  • फेलोशिप की तीन श्रेणियां: 1. यंग रिसर्च फेलो, 2. सीनियर रिसर्च फेलो एवं 3. रिसर्च चेयर।
  • पात्र मेजबान संस्थान: राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) में उच्च रैंक प्राप्त संस्थान तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST), जैव-प्रौद्योगिकी विभाग (DBT), भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) के अंतर्गत आने वाले अनुसंधान संगठन इस योजना में भाग लेने के पात्र होंगे।