पहली ब्रिक्स रोजगार कार्यसमूह की बैठक

  • 17 May 2021

ब्रिक्स देशों के बीच पहली ब्रिक्स रोजगार कार्यसमूह की बैठक 11-12 मई, 2021 को वर्चुअल रूप में सुषमा स्वराज भवन, नई दिल्ली में आयोजित हुई।

महत्वपूर्ण तथ्य: श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्रा ने पहली ब्रिक्स रोजगार कार्यसमूह की बैठक की अध्यक्षता की। भारत ने इसी साल ब्रिक्स का अध्यक्ष पद संभाला है।

  • सामाजिक सुरक्षा समझौते के मुद्दे पर, सदस्य राष्ट्रों ने एक दूसरे के साथ बातचीत और चर्चा करने और समझौतों पर हस्ताक्षर करने की दिशा में आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता की, जबकि अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) तथा अंतरराष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा एजेंसी (ISSA) ने इस तरह के समझौतों को अमली जामा पहनाने के लिए अपनी ओर से तकनीकी सहायता प्रदान करने की रजामंदी व्यक्त की।
  • सदस्य देशों ने बाद के चरण में 'सामाजिक सुरक्षा के लिए बहुपक्षीय रूपरेखा' तैयार करने पर सहमति जताई।
  • श्रम बाजार को आकार देने के मुद्दे पर सदस्य देशों ने ‘रोजगार’ और ‘कोविड-19 महामारी के दौरान जोखिम’ के मद्देनजर विभिन्न उपायों पर चर्चा की।
  • श्रम शक्ति में महिलाओं की भागीदारी पर, सदस्य देशों ने ‘लाभकारी, उत्पादक और सभ्य कार्यों’ में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने और ‘अनौपचारिक क्षेत्र’ की महिला श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान करने का संकल्प लिया।