छ: भारतीय स्थल यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल संभावित सूची में शामिल

  • 28 May 2021

मई 2021 में ‘यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों’ (UNESCO world heritage sites) की संभावित सूची में छ: नए भारतीय स्थलों को जोड़ा गया है।

महत्वपूर्ण तथ्य: ये स्थल सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (मध्य प्रदेश), ऐतिहासिक शहर वाराणसी के प्रतिष्ठित घाट (उत्तर प्रदेश), हायर बेनकल का महापाषाण स्थल (Megalithic site of Hire Benkal) (कर्नाटक), मराठा सैन्य वास्तुकला (महाराष्ट्र), नर्मदा घाटी- जबलपुर में भेड़ाघाट-लामेताघाट (मध्य प्रदेश) और कांचीपुरम के मंदिर (तमिलनाडु) हैं।

  • इन छ: स्थलों को शामिल करने के साथ ही, यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों की संभावित सूची में भारत के प्रस्तावित स्थलों की संख्या 48 हो गई है।
  • परिचालन दिशा-निर्देश 2019 के अनुसार, अंतिम नामांकन के लिए विचार किए जाने से पहले किसी भी स्मारक/स्थल को संभावित सूची में रखना अनिवार्य है।
  • नियमानुसार ये प्रस्ताव एक साल के लिए विश्व धरोहर स्थलों की संभावित सूची में रहेंगे, इसके बाद सरकार को एक नामांकन दस्तावेज तैयार करना होगा, जिस पर यूनेस्को की विश्व विरासत समिति द्वारा विचार किया जाएगा।

विश्व धरोहर स्थल: विश्व धरोहर स्थलों को यूनेस्को द्वारा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, वैज्ञानिक या मानवता के लिए उत्कृष्ट सार्वभौमिक मूल्य के महत्व के लिए नामित किया जाता है।

  • विश्व धरोहर स्थल यूनेस्को द्वारा प्रशासित ‘विश्व सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण से संबंधित कन्वेंशन, 1972' द्वारा कानूनी संरक्षण प्राप्त क्षेत्र हैं।