बांग्लादेश को विकासशील देशों में शामिल करने का प्रस्ताव पारित

  • 06 Dec 2021

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 24 नवंबर, 2021 को बांग्लादेश को न्यूनतम विकसित देश (Least Developed Country: LDC) की श्रेणी से विकासशील देशों की सूची में शामिल करने संबंधी एक ऐतिहासिक प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।

महत्वपूर्ण तथ्य: ज्ञात हो कि वर्ष 2018 से बांग्लादेश ने लगातार दूसरी बार प्रति व्यक्ति आय, मानव संपत्ति और आर्थिक और पर्यावरणीय भेद्यता के मामले में पात्रता मानदंड को पूरा किया था। फरवरी2021 में बांग्लादेश को विकासशील देशों की सूची में शामिल करने की सिफारिश की गई थी।

न्यूनतम विकसित देश की श्रेणी से विकासशील देशों की सूची में शामिल होने हेतु मानदंड: एक देश को लगातार दो त्रैवार्षिक समीक्षाओं में तीन में से कम से कम दो मानदंडों को हासिल करना होता है।

  • इसके अलावा एक देश के पास प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद 1230 डॉलर या उससेअधिक होना चाहिए।

बांग्लादेश की स्थिति: बांग्लादेश की प्रति व्यक्ति जीडीपी 2064 डॉलर और मानव संपत्ति सूचकांक पर बांग्लादेश का स्कोर 75.4 है। मानव संपत्ति सूचकांक के लिए आवश्यक स्कोर 66 है।

  • बांग्लादेश का आर्थिक और पर्यावरण भेद्यता सूचकांक में 27 का स्कोर है, जो विकासशील देशों की सूची में शामिल होने के लिए 32 से नीचे होना आवश्यक है।

अन्य तथ्य: न्यूनतम विकसित देश की श्रेणी से विकासशील देशों की सूची में शामिल किए जाने वाले प्रस्ताव में नेपाल और लाओ पीडीआर भी शामिल हैं। तीन देशों को 2026 तक विकासशील देश की स्थिति में परिवर्तन की तैयारी के लिए समय मिलेगा। आमतौर पर देशों को परिवर्तन के लिए तीन साल का समय दिया जाता है।