गहन मिशन इंद्रधनुष 4.0

  • 15 Feb 2022

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 7 फरवरी, 2022 को 'गहन मिशन इंद्रधनुष 4.0' (Intensified Mission Indradhanush: IMI 4.0) का शुभारंभ किया।

(Image Source: https:// twitter.com/TajinderSTS)

IMI 4.0 की विशेषतायें: IMI 4.0 के तीन दौर (राउंड) की योजना बनाई गई है ताकि कोविड-19 महामारी के कारण उभरी कमियों को पूरा किया जा सके।

  • यह गतिविधि 33 राज्यों/केंद्र-शासित प्रदेशों के 416 जिलों में संचालित की जाएगी।
  • इन जिलों को नवीनतम राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 रिपोर्ट के अनुरूप टीकाकरण कवरेज, स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) के आंकड़ों और टीके से बचाव योग्य बीमारियों की संख्या के आधार पर चिह्नित किया गया है।
  • इसके अलावा राज्यों द्वारा सुझाए गए जिलों को भी इसमें शामिल किया गया है।

मिशन इन्द्रधनुष: पूर्ण टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के उद्देश्य से कम टीकाकरण कवरेज, उच्च जोखिम वाले और दुर्गम क्षेत्रों में आंशिक व बिना टीकाकरण वाली गर्भवती महिलाओं व बच्चों को कवर करने और उन्हें टीकों के जरिए बचाव योग्य बीमारियों से सुरक्षा प्रदान के लिए दिसंबर 2014 में मिशन इंद्रधनुष की शुरुआत की गई थी।

  • अब तक, देश भर के 701 जिलों को कवर करते हुए मिशन इंद्रधनुष के दस चरणों को पूरा किया जा चुका है।
  • अप्रैल 2021 तक मिशन इंद्रधनुष के विभिन्न चरणों के दौरान कुल 3.86 करोड़ बच्चों और 96.8 लाख गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
  • 12-23 महीने की उम्र के बच्चों में पूर्ण टीकाकरण कवरेज 62% (NFHS-4) से बढ़कर 76.4% (NFHS-5) हो गया है।