भारत की जी-20 अध्यक्षता

  • 18 Feb 2022

केन्द्रीय मंत्रिमण्डल ने 15 फरवरी, 2022 को भारत की जी-20 अध्यक्षता और जी-20 सचिवालय की स्थापना एवं उसमें नियुक्तियों से संबंधित तैयारियों को मंजूरी दे दी है।

महत्वपूर्ण तथ्य: जी-20 सचिवालय भारत की आगामी जी-20 की अध्यक्षता के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक समग्र नीतिगत निर्णयों और व्यवस्थाओं के कार्यान्वयन के लिए जिम्मेदार होगी।

  • जी-20 अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का प्रमुख मंच है, जो वैश्विक आर्थिक शासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
  • भारत 1 दिसंबर, 2022 से 30 नवंबर, 2023 तक जी-20 की अध्यक्षता करेगा। अध्यक्षता के इस कार्यकाल का समापन 2023 में भारत में आयोजित होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के साथ होगा।
  • परिपाटी के अनुरूप, भारत द्वारा जी-20 की अध्यक्षता से संबंधित मौलिक/ज्ञान/सामग्री, तकनीकी, मीडिया, सुरक्षा और लॉजिस्टिक संबंधी पहलुओं से जुड़े कार्यों को संभालने के लिए जी-20 के एक सचिवालय की स्थापना की जा रही है। यह सचिवालय फरवरी 2024 तक कार्य करेगा।
  • प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में एक शीर्ष समिति द्वारा सचिवालय का मार्गदर्शन किया जाएगा और इसमें वित्त मंत्री, गृह मंत्री, विदेश मंत्री, और जी 20 शेरपा (वाणिज्य और उद्योग, कपड़ा, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री) शामिल होंगे।