भारत - यूरोपीय संघ की 15वीं शिखर बैठक

  • 17 Jul 2020

15 जुलाई, 2020 को भारत - यूरोपीय संघ की 15वीं शिखर बैठक वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित की गई।

महत्वपूर्ण तथ्य: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूरोपीय परिषद के अध्‍यक्ष चार्ल्‍स माइकल और यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला वॉन डेर लियन ने इस बैठक की सह-अध्‍यक्षता की।

  • 2013 से निलंबित मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता को पुन: शुरू करने और ‘द्विपक्षीय व्यापार और निवेश समझौते’ (BTIA) को आगे बढ़ाने की एक नई पहल में, दोनों पक्षों ने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और यूरोपीय संघ के व्यापार आयुक्त फिल होगन के बीच एक ‘उच्च स्तरीय संवाद’ की घोषणा की।

  • दोनों पक्षों ने एक संयुक्त राजनीतिक वक्तव्य जारी किया, जिसमें 'भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी' के लिए पांच साल का रोडमैप, EURATOM और भारत के परमाणु ऊर्जा विभाग के बीच एक असैन्य परमाणु अनुसंधान और विकास सहयोग समझौता, सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करने के लिए 'संसाधन दक्षता और चक्रीय अर्थव्यवस्था' पर एक घोषणा तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी समझौते का पांच साल के लिए नवीनीकरण शामिल है।

  • यूरोपीय संघ भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है, जबकि भारत यूरोपीय संघ का नौवां सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है।