समसामयिकी -09 May 2022
पीआईबी न्यूज आर्थिक
पेट्रोलियम के उप-उत्पादों का उपयोग करने के लिए संयुक्त कार्य बल
केंद्रीय उर्वरक और रसायन मंत्री मनसुख मांडविया ने 4 मई, 2022 को फार्मा और कृषि-रासायनिक उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण मध्यवर्ती उत्पादन के लिए पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल उद्योगों के उप-उत्पादों के उपयोग की संभावनाओं का पता लगाने हेतु एक संयुक्त कार्य बल गठित करने का निर्णय लिया है।
महत्वपूर्ण तथ्य: संयुक्त कार्य बल फार्मास्युटिकल और कृषि-रसायन उद्योगों सहित विशेष रसायनों में कई मूल्य शृंखला अनुप्रयोगों वाले महत्वपूर्ण मध्यवर्ती और कच्चे माल की पहचान करने के लिए जिम्मेदार होगा।
- ऐसे कच्चे/शुरुआती सामग्री/मध्यवर्ती उच्च मूल्यों में आयात किए जाते हैं।
- संयुक्त कार्य बल सामूहिक रूप से अनुसंधान और विकास के माध्यम से सॉल्यूशन्स की पहचान करके और सरकार को सुझाव देकर व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने के लिए काम करेगी।
- विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) संयुक्त कार्य बल की गतिविधियों को अंजाम देने के लिए नोडल विभाग होगा।
- संयुक्त कार्यबल प्रौद्योगिकी के विकास को भी सुगम बनाएगा और इसे उद्योग को हस्तांतरित करेगा।
पीआईबी न्यूज विज्ञान-प्रौद्योगिकी
परामर्श विकास केंद्र
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने 27 अप्रैल, 2022 को वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान विभाग के तहत वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के साथ परामर्श विकास केंद्र (Consultancy Development Centre: CDC) के कर्मचारियों, चल संपत्ति एवं देनदारियों सहित विलय को मंजूरी दे दी है।
महत्वपूर्ण तथ्य: 'सीएसआईआर' और 'परामर्श विकास केंद्र' वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत दो अलग-अलग स्वायत्त निकाय हैं।
- भारत के आर्थिक विकास और मानव कल्याण के लिए वैज्ञानिक औद्योगिक अनुसंधान के लिए राष्ट्रीय अनुसंधान एवं विकास संगठन के रूप में 1860 के सोसायटी पंजीकरण अधिनियम XXI के तहत 1942 में सीएसआईआर की स्थापना की गई थी।
- परामर्श विकास केंद्र की स्थापना 1986 में डीएसआईआर के सहयोग से एक सोसायटी के रूप में देश में परामर्श संबंधी कौशल और क्षमताओं के विकास, सुदृढ़ीकरण और प्रोत्साहन के लिए की गई थी।
- 2004 में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परामर्श विकास केंद्र को डीएसआईआर के एक स्वायत्त संस्थान के रूप में स्वीकृति प्रदान की गई थी। परामर्श विकास केंद्र इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में अवस्थित है।
- 14वें वित्त आयोग की सिफारिशों के आधार पर, नीति आयोग ने विभिन्न सरकारी विभागों के तहत स्वायत्त निकायों की समीक्षा की।
सामयिक खबरें राष्ट्रीय
राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा हेतु अधिदेश दस्तावेज
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने 29 अप्रैल, 2022 को राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (National Curriculum Framework: NCF) के लिए अधिदेश दस्तावेज का शुभारंभ किया।
महत्वपूर्ण तथ्य: राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 चार क्षेत्रों- स्कूली शिक्षा, बचपन की देखभाल और शिक्षा, शिक्षकों की शिक्षा और वयस्क (प्रौढ़) शिक्षा में राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा के विकास की सिफारिश करती है।
- इनके विकास के लिए जानकारी प्रदान करने के लिए, तीन श्रेणियों अर्थात् 1. पाठ्यक्रम और अध्यापन; 2. महत्वपूर्ण मुद्दों; 3. प्रणालीगत परिवर्तनों और सुधारों पर ध्यान केन्द्रित कर एनईपी 2020 के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों के अंतर्गत एनईपी 2020 के परिप्रेक्ष्य पर आधारित 25 विषयों की पहचान की गई है।
- अधिदेश दस्तावेज NCF की विकास प्रक्रिया, इसकी अपेक्षित संरचना और उद्देश्यों और एनईपी 2020 के कुछ बुनियादी सिद्धांतों का वर्णन करता है, जो चार NCF के विकास की जानकारी देंगे।
- NCF को एक सहयोगी और परामर्शी प्रक्रिया के माध्यम से तैयार किया जा रहा है, जो जिले से शुरू होकर राज्य स्तर और फिर राष्ट्रीय स्तर तक है।
- ‘राष्ट्रीय पाठ्यक्रम रूपरेखा के विकास के लिए स्थिति पत्रों के दिशा-निर्देश’ इस आधिकारिक अधिदेश दस्तावेज का एक अभिन्न अंग है।
सामयिक खबरें अंतर्राष्ट्रीय
विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक 2022
रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (RSF) द्वारा 3 मई, 2022 को 'विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक 2022' (World Press Freedom Index 2022) जारी किया गया।
(Image Source: https://indianexpress.com/)
महत्वपूर्ण तथ्य: विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक 180 देशों और क्षेत्रों में पत्रकारों और मीडिया द्वारा प्राप्त प्रेस स्वतंत्रता के स्तर की तुलना करता है। यह विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक का 20वां संस्करण है।
- देशों को 0 से 100 के बीच के स्कोर के आधार पर रैंक किया जाता है, जिसमें 100 का स्कोर प्रेस की स्वतंत्रता के उच्चतम संभव स्तर का प्रतिनिधित्व करता है और 0 सबसे खराब स्तर।
- देशों का मूल्यांकन पांच प्रासंगिक संकेतकों पर किया जाता है- राजनीतिक संदर्भ, कानूनी ढांचा, आर्थिक संदर्भ, सामाजिक-सांस्कृतिक संदर्भ और सुरक्षा।
- विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में नॉर्वे प्रथम स्थान पर है। इसके बाद डेनमार्क दूसरे, स्वीडन तीसरे, एस्टोनिया चौथे और फिनलैंड पांचवें स्थान पर है।
- उत्तर कोरिया सूचकांक में सबसे नीचे 180वें स्थान पर रहा। इसके बाद इरिट्रिया (179वां), ईरान (178वां), तुर्कमेनिस्तान (177वां), म्यांमार (176वां) और चीन (175वां) का स्थान है।
भारत की स्थिति: सूचकांक 2022 में भारत वैश्विक स्कोर 41 के साथ 150वें स्थान पर है। विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक 2021 में भारत 142वें स्थान पर था।
- भारत के पड़ोसी देशों में भूटान 33वें, नेपाल 76वें, श्रीलंका 146वें, पाकिस्तान 157वें, बांग्लादेश 162वें और म्यांमार 176वें स्थान पर हैं।
- रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स (RSF) एक अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन है, जिसका उद्देश्य मीडिया की स्वतंत्रता की रक्षा करना और उसे बढ़ावा देना है। इसका मुख्यालय पेरिस में स्थित है। इसे संयुक्त राष्ट्र के साथ परामर्शी दर्जा प्राप्त है।
सामयिक खबरें अंतर्राष्ट्रीय
सरमत इंटरकांटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल
रूस ने अप्रैल 2022 में एक 'सरमत इंटरकांटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल' (Sarmat intercontinental ballistic missile) 'आरएस-28' (RS-28) के सफलतापूर्वक परीक्षण की घोषणा की।
महत्वपूर्ण तथ्य: मिसाइल को उत्तर पश्चिमी रूस के आर्कान्जेस्क क्षेत्र में प्लेसेत्स्क राज्य परीक्षण कॉस्मोड्रोम से दागा गया था।
- परीक्षण के बाद, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि नए मिसाइल कॉम्प्लैक्स में उच्चतम सामरिक और तकनीकी विशेषताएं हैं और यह मिसाइल रोधी रक्षा के सभी आधुनिक साधनों को पार करने में सक्षम है।
- एक RS-28 सरमत मिसाइल के अंदर 10 से 15 वॉरहेड लगे होते हैं, जो दूसरे फेज में हाई स्पीड से अलग-अलग जगहों पर निशाना साध सकते हैं।
- RS-28 सरमत जिसका नाटो नाम Satan-II है, पृथ्वी के किसी भी ध्रुव पर फायरिंग की क्षमता रखती है और इसकी मारक क्षमता 11,000 से 18,000 किमी है।
संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप चर्चित दिवस
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस (1 मई)
महत्वपूर्ण तथ्य: अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस श्रमिकों और कामगारों के आंदोलन के संघर्षों और बलिदानों की याद में मनाया जाता है। इसे 'मई दिवस' के नाम से भी जाना जाता है।
- मई दिवस भारत, क्यूबा और चीन सहित 80 से अधिक देशों में मनाया जाता है। इस दिवस की उत्पत्ति 1886 में हुई थी।
- इस दिवस को मनाने के पीछे शिकागो में उन श्रमिक संगठनों की हड़ताल है, जो रोजाना आठ घंटे काम की मांग के लिए 1 मई, 1886 को शुरू हुई थी।
- भारत में पहला श्रमिक दिवस 1923 में मद्रास (अब चेन्नई) में 'लेबर किसान पार्टी ऑफ हिंदुस्तान' द्वारा मनाया गया था।
राज्य समाचार हिमाचल प्रदेश
हिमाचल के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देगा केंद्र
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने 26 अप्रैल, 2022 को कहा कि केंद्र जल्द ही राज्य के हाटी समुदाय (Hatti community) को अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची में शामिल करेगा।
(Image Source: https:/www.tribune india.com/)
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया है कि केंद्र राज्य के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति सूची में शामिल करने के अनुरोध पर प्राथमिकता से विचार कर रहा है।
- हाटी समुदाय के लोग सिरमौर जिले के ट्रांस-गिरी क्षेत्र में निवास करते हैं। ये अधिकतर सिरमौर जिले के चार विधान सभा क्षेत्रों- शिलाई, पांवटा साहिब, पच्छाद और रेणुका में रहते हैं।
- हाटी समुदाय ने कस्बों में 'हाट' नामक छोटे बाजारों में घरेलू सब्जियां, फसल, मांस और ऊन आदि बेचने की अपनी परंपरा से अपना नाम प्राप्त किया है।
- यह समुदाय 154 पंचायतों में फैला हुआ है और 2011 की जनगणना के अनुसार इसकी आबादी 2.5 लाख थी, जो अब बढ़कर लगभग 3 लाख हो गई है।
- जीके फैक्ट: हिमाचल प्रदेश के ट्रांस-गिरी क्षेत्र का ‘हाटी समुदाय’ उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र के ‘जौनसार समुदाय’ के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक समानताएं साझा करता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि ट्रांस-गिरी क्षेत्र और जौनसार बावर क्षेत्र, 1815 में जौनसार बावर के अलग होने तक तत्कालीन सिरमौर रियासत का हिस्सा थे।
राज्य समाचार दिल्ली
चिल्ड्रन्स चैम्पियन अवार्ड्स
दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (डीसीपीसीआर) ने बच्चों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कार्य करने वाले व्यक्तियों और संगठनों को मान्यता देने के लिए एक नया पुरस्कार शुरू किया है।
(Image Source: https://twitter com/DCPCR/)
- इन अखिल भारतीय पुरस्कारों को 'चिल्ड्रन्स चैम्पियन अवार्ड्स'(Children’s Champion Awards) के नाम से जाना जाएगा।
- पुरस्कारों का उद्देश्य गवर्नेंस (शासन) में बच्चों से संबंधित मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना है।
- पुरस्कार 12 श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे - राजनीति, न्याय, पत्रकारिता, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, बाल संरक्षण, कला, शिक्षा, खेल, व्यवसाय और सार्वजनिक सेवा तथा "समस्याओं को सुलझाने में नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने वाले" बच्चों की पहचान करने के लिए एक अलग श्रेणी भी है।
खेल समाचार चर्चित खेल व्यक्तित्व
भारतीय ग्रैंडमास्ट डी गुकेश ने जीता 48वां ला रोडा इंटरनेशनल ओपन शतरंज टूर्नामेंट का खिताब
युवा भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने ‘48वें ला रोडा इंटरनेशनल ओपन शतरंज टूर्नामेंट’ (48th La Roda International Open chess tournament) में नौ राउंड से आठ अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
- चेन्नई के 15 वर्षीय ग्रैंडमास्टर गुकेश, ने 17 अप्रैल, 2022 को फाइनल राउंड में इजराइल के विक्टर मिखालेव्स्की को पराजित किया और वे अर्मेनिया के हाइक एम मार्टिरोसियन से आगे एक स्पष्ट विजेता बनकर उभरे।
खेल समाचार क्रिकेट
विजडन अल्मनैक ने नामित किए पांच क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर
20 अप्रैल, 2022 को विजडन अल्मनैक (Wisden Almanack) ने भारत के कप्तान रोहित शर्मा और गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 2022 के लिए 'वर्ष के पांच सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों' में शामिल किया है।
(Image Source: https://twitter.com/WisdenCricket/)
- इन दोनों के अलावा, पांच सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों की सूची में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेवोन कॉनवे, इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन और दक्षिण अफ्रीका की महिला खिलाड़ी डेन वैन नीकेर्क भी शामिल हैं।
- इनके अलावा इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट को 'विश्व का अग्रणी क्रिकेटर' (World Leading Cricketer of the Year) नामित किया गया है, जबकि दक्षिण अफ्रीका की लिजेल ली को 'विश्व की अग्रणी महिला क्रिकेटर' (World Leading Woman Cricketer) और पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को 'विश्व का अग्रणी टी20 क्रिकेटर' (Leading T20 Cricketer in the World) नामित किया गया है।
पीआईबी न्यूज आर्थिक
प्लास्टइंडिया 2023
केंद्रीय रसायन और उर्वरक और स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 4 मई, 2022 को 11वीं अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक प्रदर्शनी और सम्मेलन 'प्लास्टइंडिया 2023' (PLASTINDIA 2023) का शुभारंभ किया।
(Image Source: https://pib.gov.in/)
महत्वपूर्ण तथ्य: 'प्लास्टइंडिया' प्लास्टइंडिया फाउंडेशन के तहत प्रदर्शनियों की एक शृंखला को संदर्भित करता है।
- प्लास्टइंडिया फाउंडेशन आईटीपीओ प्रगति मैदान, नई दिल्ली में 1 से 5 फरवरी, 2023 तक 11वीं अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक प्रदर्शनी और सम्मेलन आयोजित करेगा।
- प्रदर्शनी रोजगार सृजन के अवसर प्रदान करेगी, भारतीय प्लास्टिक उद्योग के विकास को सुगम बनाएगी और भारत को वैश्विक जरूरतों के लिए प्लास्टिक के स्रोत का केंद्र बनाएगी।
- प्लास्टइंडिया 2023 मानव जीवन के सभी क्षेत्रों में उपयोग के लिए प्लास्टिक, कच्चे माल, मशीनरी और उत्पादों से संबंधित संसाधित वस्तुओं के स्रोत के लिए भारत को वैश्विक केंद्र के रूप में प्रदर्शित करेगा।
- प्लास्टइंडिया 2023 जैसी प्रदर्शनियां अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक कंपनियों को देश की ओर आकर्षित करेंगी तथा विचारों और प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान करने के लिए एक मंच प्रदान करेंगी।
- भारत के अगले दशकों में पेट्रोकेमिकल्स में वृद्धिशील वैश्विक विकास में 10% से अधिक योगदान देने का अनुमान है। भारतीय रसायनों के निर्यात में वर्ष 2013-14 की तुलना में 2021-22 में 106% की वृद्धि दर्ज की गई है।
सामयिक खबरें आर्थिकी
क्वार जल विद्युत परियोजना
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने केंद्र-शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में चिनाब नदी पर स्थित 540 मेगावाट की ‘क्वार जल विद्युत परियोजना' (Kwar Hydro Electric Project) के लिए 4526.12 करोड़ रुपए के निवेश को मंजूरी दी है।
महत्वपूर्ण तथ्य: इस परियोजना का क्रियान्वयन चिनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स प्रा. लि. करेगा, जो एनएचपीसी और जम्मू और कश्मीर राज्य विद्युत विकास निगम की संयुक्त उपक्रम कंपनी है। इसमें दोनों कंपनियों का क्रमशः 51% और 49% इक्विटी योगदान है।
- इस परियोजना से 90% निर्भरता के साथ वर्ष में 1975.54 मिलियन यूनिट उत्पादन होने की उम्मीद है।
- यह सिंधु बेसिन का हिस्सा है और जिले में आने वाली कम से कम चार परियोजनाओं में से एक होगी, जिसमें 1,000 मेगावाट की 'पाकल दुल जलविद्युत परियोजना' और 624 मेगावाट की रन-ऑफ-द-रिवर 'किरू जलविद्युत परियोजना' शामिल है।
सिंधु जल संधि 1960: भारत और पाकिस्तान के बीच 1960 की पुरानी सिंधु जल संधि (IWT) के तहत, दोनों देश सिंधु बेसिन में छ: नदियों के पानी को साझा करते हैं, जो भारत से पाकिस्तान की ओर बहती हैं।
- इनमें से तीन पूर्वी नदियों - सतलुज, ब्यास और रावी पर भारत का पूर्ण अधिकार है, जबकि पश्चिमी नदियों - चिनाब, झेलम और सिंधु पर पाकिस्तान का अधिकार है।
- हालाँकि, भारत पश्चिमी नदियों पर सीमित स्टोरेज के साथ रन-ऑफ-द-रिवर प्रोजेक्ट स्थापित कर सकता है।
सामयिक खबरें राष्ट्रीय
अटल न्यू इंडिया चैलेंज 2.0
अटल इनोवेशन मिशन ने 28 अप्रैल, 2022 को अटल न्यू इंडिया चैलेंज के दूसरे संस्करण (Atal New India Challenge 2.0) के चरण 1 का शुभारंभ किया।
महत्वपूर्ण तथ्य: 'अटल न्यू इंडिया चैलेंज' अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग का एक प्रमुख कार्यक्रम है।
- कार्यक्रम का उद्देश्य प्रौद्योगिकी आधारित नवाचारों की खोज, चयन, समर्थन करना और उन्हें बढ़ावा देना है, जो राष्ट्रीय महत्व और सामाजिक प्रासंगिकता की क्षेत्रीय चुनौतियों का समाधान करते हैं।
- अटल न्यू इंडिया चैलेंज कार्यक्रम के प्राथमिक लक्ष्यों में से एक भारत के विकास और वृद्धि के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, जल और स्वच्छता, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, आवास, ऊर्जा, आवागमन, अंतरिक्ष अनुप्रयोग आदि महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नवाचारों का समर्थन करना है।
- अटल न्यू इंडिया चैलेंज का उद्देश्य अनुसंधान और व्यावसायीकरण के बीच अंतर की पहचान करने के साथ, परीक्षण, पायलटिंग और बाजार निर्माण के लिये संसाधनों तक पहुँच से जुड़े जोखिमों पर नवोन्मेषकों को सहयोग प्रदान करना है।
सामयिक खबरें अंतर्राष्ट्रीय
भारत-जर्मनी समझौते
2 मई, 2022 को प्रधानमंत्री की जर्मनी यात्रा के दौरान छठे भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श के अवसर पर कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
महत्वपूर्ण समझौते: इंडो-जर्मन हाइड्रोजन टास्क फोर्स पर आशय की संयुक्त संयुक्त घोषणा;
- कृषि पारिस्थितिकी पर आशय की संयुक्त घोषणा;
- हरित और सतत विकास साझेदारी पर आशय की संयुक्त घोषणा;
- तीसरे देशों में त्रिकोणीय विकास सहयोग परियोजनाओं के कार्यान्वयन पर आशय की संयुक्त घोषणा;
- विदेश मंत्रालय और जर्मन विदेश कार्यालय के बीच वर्गीकृत सूचनाओं के आदान-प्रदान और पारस्परिक संरक्षण पर समझौते की स्थापना तथा एक सीधा कूटभाषा आधारित संपर्क स्थापित करने के लिए समझौते की स्थापना पर आशय की संयुक्त घोषणा;
- अक्षय ऊर्जा साझेदारी के संबंध में भारत-जर्मन विकास सहयोग;
- व्यापक प्रवास और आवागमन साझेदारी पर समझौते की शुरुआत पर संयुक्त घोषणा;
- भारत से कॉर्पोरेट अधिकारियों और कनिष्ठ अधिकारियों के उन्नत प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग जारी रखने पर आशय की संयुक्त घोषणा;
- तथा वन परिदृश्य के लिए पूर्वावस्था की प्रप्ति पर आशय की संयुक्त घोषणा।
- जर्मनी 21 अरब डॉलर से अधिक के द्विपक्षीय व्यापार के साथ यूरोप में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है।
सामयिक खबरें अंतर्राष्ट्रीय
छठा भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श
तीन यूरोपीय देशों की यात्रा के पहले चरण में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 मई, 2022 को जर्मनी पहुंचें।
(Image Source: https://twitter.com/PMOIndia)
महत्वपूर्ण तथ्य: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने बर्लिन में छठे भारत- जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श की सह-अध्यक्षता की।
- 2011 में शुरू किया गया, ‘अंतर-सरकारी परामर्श' एक विशिष्ट द्विवार्षिक तंत्र है, जो द्विपक्षीय मुद्दों को व्यापक स्तर पर समन्वय करने में दोनों सरकारों को मदद करता है।
- छठा भारत-जर्मनी अंतर-सरकारी परामर्श रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।
- जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने जर्मनी में आयोजित होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया है।
- प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर स्कोल्ज ने हरित और सतत विकास साझेदारी की स्थापना के संयुक्त घोषणा पत्र (Joint Declaration of Intent) पर हस्ताक्षर किए।
- इस साझेदारी में सतत विकास लक्ष्य और जलवायु कार्रवाई पर भारत-जर्मनी सहयोग के लिए एक संपूर्ण सरकारी दृष्टिकोण की परिकल्पना की गई है, जिसके तहत जर्मनी ने 2030 तक 10 बिलियन यूरो की नई और अतिरिक्त विकास सहायता की अग्रिम प्रतिबद्धता पर सहमति व्यक्त की है।
- प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मनी में प्रवासी भारतीयों को भी संबोधित किया।
- 2021 में, भारत और जर्मनी ने राजनयिक संबंधों की स्थापना के 70 साल पूरे किए और वर्ष 2000 से दोनों देश रणनीतिक साझेदार रहे हैं।
संक्षिप्त खबरें सार-संक्षेप चर्चित दिवस
विश्व टूना दिवस (2 मई)
महत्वपूर्ण तथ्य: टूना मछली (Tuna fish) के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए हर साल 2 मई को विश्व टूना दिवस मनाया जाता है।
- संयुक्त राष्ट्र ने सतत मात्स्यिकी प्रथाओं के बारे में और टूना की भारी मांग से इसे होने वाले खतरों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए इस दिवस की स्थापना की थी। पहली बार टूना दिवस2017 में मनाया गया था।
- टूना मछली अपने स्वस्थ और स्वादिष्ट मांस के लिए विश्व स्तर पर लोकप्रिय है। टूना मछली ओमेगा -3 से समृद्ध है और इसमेंमिनरल्स, प्रोटीन और विटामिन बी-12 भी पाया जाता है।
राज्य समाचार तमिलनाडु
कृषि, बागवानी हेतु नए शैक्षिक और अनुसंधान संस्थान
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने 28 अप्रैल, 2022 को कृषि और बागवानी को कवर करने वाले नए शैक्षणिक और अनुसंधान संस्थानों का उद्घाटन किया है।
- इनमें इरोड जिले के भवानीसागर में 100 एकड़ के विशाल परिसर में एक नया ‘हल्दी अनुसंधान केंद्र’ शामिल है।
- इसके अलावा कोयंबटूर में एक ‘जैविक खेती अनुसंधान केंद्र’ भी शामिल है।
- कृष्णागिरी के पास जीनूर में, तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय से संबद्धता के साथ 150 एकड़ के परिसर में एक नए ‘बागवानी महाविद्यालय और अनुसंधान केंद्र’ का उद्घाटन किया गया है।
- मुख्यमंत्री स्टालिन ने नागपट्टिनम, शिवगंगा में चेट्टीनाडु और करूर में तीन कृषि महाविद्यालयों और अनुसंधान केंद्रों का भी अनावरण किया।
राज्य समाचार असम
कुपोषण पर असम जिले की परियोजना को लोक प्रशासन में प्रधानमंत्री पुरस्कार 2021
बच्चों में कुपोषण से निपटने के लिए पश्चिमी असम के बोंगाईगांव जिले की एक पहल 'संपूर्ण'(Sampoorna) को 21 अप्रैल, 2022 को लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार 2021' से सम्मानित किया गया।
(Image Source: https://www.thehindu.com/)
- बोंगाईगांव जिले को 'नवाचार' श्रेणी में सम्मानित किया गया।
- यह परियोजना परिणाम प्राप्त करने के लिए सकारात्मक विचलन कारक ( positive deviance factor) के रूप में सामुदायिक भागीदारी और महिला सशक्तीकरण का उपयोग करते हुए एक विकेन्द्रीकृत, प्रौद्योगिकी-आधारित मॉडल को नियोजित करती है।
- इस परियोजना ने शुरू होने के एक साल के भीतर जिले के कुपोषित बच्चों में से 95.6% को सामान्य स्थिति में लाने में मदद की है।
- इसमें शामिल बच्चों की माताओं के सशक्तीकरण से इसे आगे जारी रखने में मदद मिली है।
- परियोजना 'संपूर्ण' ने 2,416 कुपोषित बच्चों और माताओं का आकलन किया और उनकी पहचान की।
खेल समाचार हॉकी
नीदरलैंड ने जीता एफआईएच जूनियर महिला हॉकी विश्व कप 2022
नीदरलैंड ने 12 अप्रैल, 2022 को दक्षिण अफ्रीका के पोचेस्ट्रोम में फाइनल में जर्मनी को 3-1 से हराकर एफआईएच जूनियर महिला हॉकी विश्व कप 2022 का अपना चौथा खिताब जीत लिया है।
- फाइनल से पहले तक नीदरलैंड ने 46 गोल किए थे और उसके खिलाफ एक भी गोल नहीं हुआ था। नीदरलैंड के खिलाफ पहला गोल फाइनल में हुआ।
- इंग्लैंड ने 2-2 से ड्रॉ के बाद शूट-आउट में भारत को 3-0 से हराकर तीसरे स्थान के मैच में कांस्य पदक जीता।
- कुल 16 टीमों ने इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया था। 2022 का महिला एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप 1 से 12 अप्रैल, 2022 तक दक्षिण अफ्रीका के पोचेस्ट्रोम में आयोजित किया गया।
- 2023 में एफआईएच हॉकी जूनियर महिला विश्व कप दसवां संस्करण होगा और यह चिली के सैंटियागो में आयोजित किया जाएगा।
खेल समाचार हॉकी
हरियाणा ने जीती 12वीं सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप
भोपाल के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेले गए 12वीं सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैम्पियनशिप के फाइनल में हरियाणा ने तमिलनाडु की टीम को पेनल्टी शूट आउट में 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
- हरियाणा ने 2011 के बाद पहली बार यह ट्रॉफी जीती है।
- कर्नाटक ने तीसरे / चौथे स्थान के मैच में महाराष्ट्र को 4-3 से हराया।
- यह टूर्नामेंट 6 से 17 अप्रैल, 2022 तक भोपाल, मध्य प्रदेश में आयोजित किया गया था।