क्वार जल विद्युत परियोजना

  • 09 May 2022

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने केंद्र-शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में चिनाब नदी पर स्थित 540 मेगावाट की ‘क्वार जल विद्युत परियोजना' (Kwar Hydro Electric Project) के लिए 4526.12 करोड़ रुपए के निवेश को मंजूरी दी है।

महत्वपूर्ण तथ्य: इस परियोजना का क्रियान्वयन चिनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स प्रा. लि. करेगा, जो एनएचपीसी और जम्मू और कश्मीर राज्य विद्युत विकास निगम की संयुक्त उपक्रम कंपनी है। इसमें दोनों कंपनियों का क्रमशः 51% और 49% इक्विटी योगदान है।

  • इस परियोजना से 90% निर्भरता के साथ वर्ष में 1975.54 मिलियन यूनिट उत्पादन होने की उम्मीद है।
  • यह सिंधु बेसिन का हिस्सा है और जिले में आने वाली कम से कम चार परियोजनाओं में से एक होगी, जिसमें 1,000 मेगावाट की 'पाकल दुल जलविद्युत परियोजना' और 624 मेगावाट की रन-ऑफ-द-रिवर 'किरू जलविद्युत परियोजना' शामिल है।

सिंधु जल संधि 1960: भारत और पाकिस्तान के बीच 1960 की पुरानी सिंधु जल संधि (IWT) के तहत, दोनों देश सिंधु बेसिन में छ: नदियों के पानी को साझा करते हैं, जो भारत से पाकिस्तान की ओर बहती हैं।

  • इनमें से तीन पूर्वी नदियों - सतलुज, ब्यास और रावी पर भारत का पूर्ण अधिकार है, जबकि पश्चिमी नदियों - चिनाब, झेलम और सिंधु पर पाकिस्तान का अधिकार है।
  • हालाँकि, भारत पश्चिमी नदियों पर सीमित स्टोरेज के साथ रन-ऑफ-द-रिवर प्रोजेक्ट स्थापित कर सकता है।