सामयिक

पर्यावरण:

नॉर्दन रिवर टेरापिन

जनवरी 2022 में, दस उप-वयस्क नॉर्दन रिवर टेरापिन (Nothern River Terrapin) (वैज्ञानिक नाम- बटागुर बस्का) को नौ वर्षों से अधिक समय तक पालन-पोषण के बाद टर्टल सर्वाइवल एलायंस (TSA) और सुंदरबन टाइगर रिजर्व (STR) के अधिकारियों द्वारा सुंदरबन में छोड़ा गया।

(Image Source: https://www.telanganatourism.gov.in/)

महत्वपूर्ण तथ्य: इन कछुओं को जीपीएस ट्रांसमीटर से टैग किया गया है। ये ट्रांसमीटर कछुओं के अस्तित्व और प्रसार पैटर्न को समझने और भविष्य के बड़े पैमाने पर वनों में छोड़े जाने वाले कार्यक्रमों को समायोजित करने में मदद करेंगे।

  • साथ ही यह उनकी संरक्षण आवश्यकताओं पर बुनियादी पारिस्थितिक आंकड़ों को एकत्रित करने में मदद करेगा।
  • दुनिया के सबसे बड़े मैंग्रोव वन 'सुंदरबन' में इन मीठे पानी के कछुओं को छोड़ा जाना उनके आवास और व्यवहार को समझने का एक प्रयास है, जिनकी जंगल में आबादी का पता लगाना मुश्किल है।
  • नॉर्दन रिवर टेरापिन दक्षिण पूर्व एशिया में पाये जाने वाली नदी तटीय कछुए की एक प्रजाति है। इसे आईयूसीएन रेड लिस्ट द्वारा 'गंभीर रूप से संकटग्रस्त' के रूप में वर्गीकृत किया गया है।

भारत के चारों ओर बढ़ रही समुद्री हीटवेव

जेजीआर ओशन्स (JGR Oceans) जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार भारत के आसपास समुद्री हीटवेव (Marine heatwaves) में वृद्धि हो रही है।

महत्वपूर्ण तथ्य: समुद्री हीटवेव समुद्र में अत्यधिक उच्च तापमान की अवधि होती है। ये घटनाएँ प्रवाल विरंजन, समुद्री घास के विनाश से जुड़ी हैं, जो मत्स्य पालन क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।

  • सर्वेक्षण से पता चला है कि तमिलनाडु तट के पास मन्नार की खाड़ी में 85% प्रवाल मई 2020 में समुद्री हीटवेव के बाद प्रक्षालित (bleached) हो गए थे।
  • पश्चिमी हिंद महासागर क्षेत्र ने प्रति दशक लगभग 1.5 घटनाओं की दर से समुद्री हीटवेव में सबसे बड़ी वृद्धि का अनुभव किया, इसके बाद प्रति दशक 0.5 घटनाओं की दर से बंगाल की उत्तरी खाड़ी का स्थान है।
  • 1982 से 2018 तक, पश्चिमी हिंद महासागर में कुल 66 समुद्री हीटवेव की घटनाएं हुईं, जबकि बंगाल की खाड़ी में 94 घटनाएं हुईं।
  • पश्चिमी हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्री हीटवेव ने मध्य भारतीय उपमहाद्वीप में शुष्कन की स्थिति को बढ़ा दिया है।
  • इसी प्रकार, बंगाल की उत्तरी खाड़ी में गर्म हवाओं की प्रतिक्रिया में दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में वर्षा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
  • यह पहली बार है कि एक अध्ययन ने समुद्री हीटवेव और वायुमंडलीय परिसंचरण और वर्षा के बीच घनिष्ठ संबंध का प्रदर्शन किया है।
  • आमतौर पर, भूमि पर हीटवेव भारत के उत्तर और उत्तर-पश्चिम और तटीय आंध्र प्रदेश, उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों से जुड़ी होती हैं।

नवीकरणीय ऊर्जा पर आसियान-भारत उच्च स्तरीय सम्मेलन

भारत सरकार के नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय द्वारा 7-8 फरवरी, 2022 को 'नवीकरणीय ऊर्जा पर आसियान-भारत उच्च स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया।

सम्मेलन का विषय: 'एकीकृत नवीकरणीय बाजार के लिए अनुभव और नवाचार' (Experience and Innovations for Integrated Renewables Market)।

आसियान क्षेत्र में नवीकरणीय ऊर्जा: 'नवीकरणीय ऊर्जा' ऊर्जा सहयोग के लिए आसियान कार्य योजना के सात कार्यक्रम क्षेत्रों में से एक है और ऊर्जा संक्रमण में तेजी लाने, पेरिस समझौते के तहत जलवायु परिवर्तन शमन प्रयासों का समर्थन करने और सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में योगदान देता है।

  • आसियान ने 2018 में आसियान की कुल प्राथमिक ऊर्जा आपूर्ति में नवीकरणीय ऊर्जा का 13.9% हिस्सा हासिल किया है।
  • आसियान का लक्ष्य बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा प्रणाली की स्थापना द्वारा 2025 तक कुल प्राथमिक ऊर्जा आपूर्ति में नवीकरणीय ऊर्जा की 23% हिस्सेदारी और आसियान की स्थापित बिजली क्षमता में नवीकरणीय ऊर्जा के 35% हिस्सेदारी को हासिल करना है।

वायनाड वन्यजीव अभयारण्य

गर्मियों की शुरुआत से ठीक पहले, जंगली जानवरों का मौसमी प्रवास कर्नाटक और तमिलनाडु के निकटवर्ती वन्यजीव अभयारण्यों से वायनाड वन्यजीव अभयारण्य (WWS) की ओर शुरू हो गया है।

महत्वपूर्ण तथ्य: वायनाड वन्यजीव अभयारण्य केरल में स्थित एक वन्यजीव अभयारण्य है।

  • वायनाड वन्यजीव अभयारण्य 1973 में स्थापित किया गया था और इसमें 344.44 वर्ग किमी. का क्षेत्र शामिल है।
  • वायनाड वन्यजीव अभयारण्य उत्तर-पूर्व में कर्नाटक के नागरहोल और बांदीपुर के संरक्षित क्षेत्रों और दक्षिण-पूर्व में तमिलनाडु के मुदुमलाई राष्ट्रीय उद्यान से सटा हुआ है।
  • जैव विविधता से समृद्ध वायनाड वन्यजीव अभयारण्य, नीलगिरी बायोस्फीयर रिजर्व का एक अभिन्न हिस्सा है।
  • यहां गौर, एशियाई हाथी, हिरण और बाघ जैसे विभिन्न प्रकार के बड़े जंगली जानवर वहां पाए जाते हैं।
  • वायनाड में दो प्रकार की वनस्पति बहुतायत में पाई जाती है - दक्षिण भारतीय उष्णकटिबंधीय आर्द्र पर्णपाती वन और अर्ध-सदाबहार वन

प्लास्टिक की सफाई के लिए अंटार्कटिक माइक्रोब्स

अर्जेंटीना के वैज्ञानिकों की एक टीम अंटार्कटिका के मौलिक विस्तार में ईंधन और संभावित रूप से, प्लास्टिक से प्रदूषण को साफ करने के विचार का पता लगाने के लिए मूल रूप से अंटार्कटिका में पाये जाने वाले माइक्रोब्स (सूक्ष्मजीवों) का उपयोग कर रही है।

महत्वपूर्ण तथ्य: टीम ने जैवोपचारण (bioremediation) कार्यों को अंजाम दिया, जिसमें डीजल से प्रभावित मिट्टी की सफाई, स्थानिक सूक्ष्मजीवों (बैक्टीरिया और कवक) और पौधों का उपयोग करना शामिल है; एक ऐसी प्रक्रिया जिसके उपयोग से लगभग 60-80% दूषित पदार्थों को हटाया जा सकता है।

  • ये सूक्ष्मजीव कचरे को चबाकर निगल लेते हैं और डीजल के कारण होने वाले प्रदूषण को हटाने के लिए प्राकृतिक रूप से होने वाली सफाई प्रणाली का निर्माण करते हैं।
  • ज्ञात हो कि डीजल का उपयोग बर्फीले अंटार्कटिका में अनुसंधान स्टेशन के लिए बिजली और गर्मी के स्रोत के रूप में किया जाता है।
  • अंटार्कटिका महाद्वीप 1961 के 'मैड्रिड प्रोटोकॉल' द्वारा संरक्षित है, जो यह निर्धारित करता है कि इसे मौलिक अवस्था (pristine state) में रखा जाना चाहिए।
  • प्लास्टिक कचरे कि सफाई में सूक्ष्मजीवों की भूमिका पर शोध से व्यापक पर्यावरणीय मुद्दों के समाधान की संभावना हो सकती है।

एल्बिनो मगरमच्छ

जनवरी 2022 में ओडिशा के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान में एक दुर्लभ एल्बिनो खारे पानी का मगरमच्छ देखा गया।

(Image Source: https://www.newindianexpress.com/)

महत्वपूर्ण तथ्य: वन कर्मियों ने इसका नाम 'श्वेता' रखा है। श्वेता का जन्म तीन साल पहले हैचरी (hatchery) में हुआ था।

  • भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान में अब तीन 'कैप्टिव एल्बिनो मगरमच्छ' (captive albino crocodiles) हैं।
  • एक अल्बिनो मगरमच्छ के सफेद रंग को विकसित होने में कुछ साल लगते हैं।
  • हालांकि एल्बिनो खारे पानी के मगरमच्छ दुर्लभ हैं, लेकिन उन्हें भितरकनिका में जंगल में देखा गया है।
  • मगरमच्छ संरक्षण कार्यक्रम के एक भाग के रूप में 1975 में वन विभाग द्वारा हैचरी में पैदा किया गया 'गोरी' नमक मगरमच्छ भितरकनिका में देखा गया पहला एल्बिनो मगरमच्छ था।
  • 2005 में एक और एल्बिनो मगरमच्छ 'मल्ली' भी हैचरी में पैदा हुआ था।
  • पिछले साल की गणना के अनुसार कुल 1,768 मगरमच्छों में से 15 एल्बिनो या सफेद मगरमच्छ अभयारण्य में विभिन्न जल निकायों में देखे गए थे।

गहरे समुद्र में रहने वाली मोलस्क प्रजाति

जनवरी 2022 में केरल और ब्राजील के शोधकर्ताओं की एक टीम ने पूर्वी अरब सागर से जाइलोफैगैडे (Xylophagaidae) परिवार से संबंधित एक दुर्लभ, गहरे समुद्र में रहने वाले मोलस्क (Deep-sea mollusc) की एक नई प्रजाति की पहचान की है।

(Image Source: https://www.thehindu.com/)

महत्वपूर्ण तथ्य: कोचीन विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीयूएसएटी) के समुद्री विज्ञान संकाय के डीन, प्रोफेसर बिजॉय नंदन के नाम पर इस छोटी मोलस्क प्रजाति का नाम 'जाइलोफगा नंदनी'(Xylophaga nandani) रखा गया है।

  • पहली बार अरब सागर से जीनस जाइलोफगा का एक सदस्य दर्ज किया गया है।
  • जाइलोफैगैडे परिवार के सदस्य गहरे समुद्र में पाये जाते हैं, उनकी उपस्थिति 7,000 मीटर की गहराई पर भी दर्ज की गई है।
  • आमतौर पर ये अधिक गहराई में लकड़ी पर पाए जाते हैं। इनकी जीवन शैली की अधिकांश आदतें एक रहस्य बनी हुई हैं। हालांकि, यह ज्ञात है कि वे अपने खोल (shells) का उपयोग लकड़ी को छोटे भागों में काटने के लिए करते हैं और इसे ऊर्जा के स्रोत के रूप में उपयोग करते हैं।

हाइड्रोफिस ग्रैसिलिस

8 जनवरी, 2022 को जल पक्षी गणना के दौरान, पक्षी देखने वालों की एक टीम द्वारा तिरुवनंतपुरम के पेरुमाथुरा तट पर उथले पानी में छोटे सिर वाला समुद्री सांप 'हाइड्रोफिस ग्रैसिलिस' (Hydrophis gracilis) देखा गया।

(Image Source: C Susanth Kumar & https://www.thehindu.com/)

  • महत्वपूर्ण तथ्य: इस सांप को आमतौर पर 'सुंदर छोटे सिर वाले समुद्री सांप' (graceful small-headed sea snake) के रूप में जाना जाता है।
  • केरल से पहली बार सुंदर छोटे सिर वाले समुद्री सांप की जानकारी मिली है।
  • केरल से अभी तक समुद्री सांपों की छ: प्रजातियों की सूचना मिली थी। सुंदर छोटे सिर वाला समुद्री सांप दर्ज की जाने वाली सातवीं प्रजाति है।
  • यह अत्यधिक विषैला माना जाता है।
  • इसका नाम लैटिन शब्द "ग्रैसिलिस" के नाम पर रखा गया, जिसका अर्थ है छोटा। सांप की विशेषता उसका छोटा सिर और तुलनात्मक रूप से बड़ा शरीर (विशेषकर बीच में) है।
  • 'हाइड्रोफिस ग्रैसिलिस' सांप आमतौर पर हिंद महासागर, बंगाल की खाड़ी, फारस की खाड़ी, दक्षिण चीन सागर, मलेशिया, थाईलैंड और ऑस्ट्रेलिया के तटीय जल में पाया जाता है।

लियोनार्डो डिकैप्रियो के नाम पर पेड़ का नाम

शोधकर्ताओं की एक अंतरराष्ट्रीय टीम ने 6 जनवरी, 2022 को कैमरून में ईबो वन (Ebo Forest) से एक नए उष्णकटिबंधीय पेड़ के पाये जाने की जानकारी दी।

(Image Source: https://metro.co.uk/)

महत्वपूर्ण तथ्य: अमेरिकी अभिनेता और संरक्षणवादी लियोनार्डो डिकैप्रियो द्वारा ईबो वन में वर्षावन को बचाने के लिए उनके अभियान की मान्यता में इस पेड़ का नाम उनके नाम पर रखा गया है।

  • 'उवेरियोप्सिस डिकैप्रियो' (Uvariopsis dicaprio) नाम का पेड़ 13 फीट (चार मीटर) लंबा है, जिसमें 15 सेंटीमीटर लंबी पत्तियां होती हैं और इसके तने पर बड़े, चमकदार, चमकीले पीले-हरे फूलों के गुच्छे होते हैं।
  • यह पेड़ 'यलंग-यलंग' (ylang-ylang) परिवार से संबंधित है।
  • पेड़ ईबो वन में पाया जाता है, जो अब तक केवल निम्न उप-पर्वतीय वनों के लिए जाना जाता था, जिनकी ऊंचाई 850 मीटर तक है।
  • 'उवेरियोप्सिस डिकैप्रियो' को 'गंभीर रूप से संकटग्रस्त' प्रजाति के रूप में वर्गीकृत किया गया है क्योंकि इसको कटान, वृक्षारोपण में रूपांतरण और खनन से खतरा रहता है।

हिमालयन मल्लार्ड

जनवरी 2022 में हैदराबाद में संजीवैया पार्क (Sanjeeviah Park) में 'हिमालयन मल्लार्ड' या जंगली बतख (Himalayan Mallard) को देखा गया।

(Image Source: iPranay Juvvadi (https:// thehindu.com)

महत्वपूर्ण तथ्य: हिमालयन मल्लार्ड बतख परिवार से संबंधित है।

  • आमतौर पर इसे उत्तर भारत के ठंडे क्षेत्रों में देखा जाता है, लेकिन देश के पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों में नहीं देखा जाता है।
  • हालांकि महाराष्ट्र के पश्चिमी क्षेत्र में कुछ दुर्लभ दृश्य दर्ज किए गए हैं, लेकिन तेलंगाना में आज तक इसे कभी भी नहीं देखा गया था।
  • वैज्ञानिक रूप से इसे 'अनस प्लैटिरिनचोस' (Anas Platyrhynchos) के रूप में जाना जाता है।
  • इसके नर पक्षी का इंद्रधनुषी हरा या नीला सिर इसकी सबसे विशिष्ट विशेषता है।
  • मल्लार्ड पालतू हैं और आमतौर पर उन क्षेत्रों में पाले जाते हैं जहां वे आसानी से पाए जाते हैं।
  • कभी-कभी वे अन्य झुंडों के साथ भटक जाते हैं और अपने स्वयं के समूह के बिना यात्रा करते हैं।
  • 1998 के बाद से, मल्लार्ड को लुप्तप्राय प्रजातियों की IUCN रेड लिस्ट में 'चिंतामुक्त' (least concern) प्रजाति के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
Showing 51-60 of 333 items.