केंद्र ने लॉन्च किया 'स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0'

  • 14 Apr 2026

13 अप्रैल, 2026 को भारत सरकार ने स्टार्टअप्स में उद्यम पूंजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए ₹10,000 करोड़ के विशाल कोष के साथ “स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0” को अधिसूचित किया। इसका विशेष ध्यान “डीपटेक” और विनिर्माण क्षेत्रों पर होगा।

मुख्य बिंदु

  • योजना का स्वरूप: ₹10,000 करोड़ का कोष, जो SEBI-पंजीकृत “वैकल्पिक निवेश कोष” (AIFs) के माध्यम से स्टार्टअप्स में निवेश किया जाएगा।
  • प्रमुख नवाचार: विशिष्ट स्टार्टअप श्रेणियों को लक्षित करने वाला एक सुव्यवस्थित दृष्टिकोण, जिसमें डीपटेक, अर्ली-स्टेज और विनिर्माण-केंद्रित फंड शामिल हैं।
  • डीपटेक को समर्थन: यह उन स्टार्टअप्स को लक्षित करता है, जिनमें अनुसंधान एवं विकास (R&D) का चक्र लंबा होता है, लागत अधिक होती है, और जो जटिल तकनीकी चुनौतियों का समाधान करते हैं।
  • फंडिंग में लचीलापन: यह बड़े कोष और लंबी अवधि वाले AIFs की अनुमति देता है, जो अधिक पूंजी और लंबे ‘जेस्टेशन’ (परिपक्वता) वाले क्षेत्रों के लिए सर्वथा उपयुक्त है।
  • पारिस्थितिक तंत्र को मजबूती: रिटर्न का 5% हिस्सा मेंटरशिप, क्षमता निर्माण और विनियामक सहायता के लिए रखा जाएगा, जबकि शेष रिटर्न ‘भारत की संचित निधि’ में जाएगा।
  • कार्यान्वयन एजेंसी: भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (SIDBI) इसका संचालन करेगा, और भविष्य में अन्य एजेंसियों को भी नियुक्त किया जाएगा।