भारत लाल पांडा की दोनों प्रजातियों का वास स्थल

  • 04 Feb 2021

भारतीय प्राणी-विज्ञान सर्वेक्षण (ZSI) के अध्ययन के अनुसार भारत लाल पांडा की दोनों (उप) प्रजातियों ‘हिमालयन रेड पांडा’ (Ailurus fulgens) और ‘चीनी लाल पांडा’ (Ailurus styani) का वास स्थल है।

महत्वपूर्ण तथ्य: अरुणाचल प्रदेश में सियांग नदी लाल पांडा को इन दो जातिवृत्तीय प्रजातियों (phylogenetic species) में विभाजित करती है।

  • 2020 में वैज्ञानिकों ने भौगोलिक वितरण के संबंध में इसकी आनुवंशिक संरचना का अध्ययन किया था तथा दो प्रजातियों की संभावना का वर्णन किया था। इससे पहले तक लाल पांडा को एक ही प्रकार की प्रजाति (monotypic species) माना जाता था।
  • लाल पांडा (Ailurus fulgens) एक स्तनपायी प्रजाति है, जो पूर्वी हिमालय और दक्षिण-पश्चिमी चीन में पाई जाती है। लाल पांडा भारत के चार राज्यों अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में पाया जाता है।
  • यह पेड़ो में निवास करता है और मुख्य रूप से बांस से आहार लेता है, लेकिन अंडे, पक्षी और कीड़े भी खाता है। यह एक एकान्तप्रिय जानवर है, जो मुख्य रूप से रात में सक्रिय होता है, और दिन के दौरान मुख्य रूप से निष्क्रिय रहता है।
  • IUCN रेड लिस्ट में लाल पांडा को ‘संकटग्रस्त’ (Endangered) के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। आवास स्थलों को नुकसान तथा अवैध शिकार के कारण इनकी आबादी में गिरावट जारी है।