‘जीवन बचाओ और एक स्वस्थ भारत बनाओ’ अभियान

  • 25 Feb 2026

24 फरवरी, 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मुंबई के लोक भवन में पी.डी. हिंदुजा अस्पताल द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान ‘जीवन बचाओ और एक स्वस्थ भारत बनाओ’ (Saving Lives and Building a Healthier Bharat) का उद्घाटन किया।

मुख्य बिंदु

  • सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा सुदृढ़ीकरण: राष्ट्रपति ने सरकार की प्रमुख पहलों पर प्रकाश डाला, जिनमें देशभर में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाले 1.8 लाख से अधिक ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ शामिल हैं।
  • आयुष्मान भारत का दायरा: आयुष्मान भारत योजना के तहत, लगभग 12 करोड़ परिवारों को अस्पताल में भर्ती होने के लिए प्रति वर्ष ₹5 लाख का स्वास्थ्य बीमा मिलता है, जो इसे विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना बनाता है।
  • रोग उन्मूलन के प्रयास: मिशन इंद्रधनुष, टीबी-मुक्त भारत अभियान और ‘सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन’ जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रम निवारक स्वास्थ्य सेवा (Preventive healthcare) को आगे बढ़ा रहे हैं।
  • चिकित्सा शिक्षा का विस्तार: गुणवत्तापूर्ण डॉक्टरों और पैरा-मेडिकल पेशेवरों (Paramedical professionals) तक पहुँच सुधारने के लिए MBBS और स्नातकोत्तर सीटों में वृद्धि के साथ-साथ नए एम्स (AIIMS) और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं।
  • गोल्डन ऑवर और आपातकालीन देखभाल: राष्ट्रपति ने ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर समय पर चिकित्सा हस्तक्षेप के महत्व पर जोर दिया और बताया कि पीएम राहत योजना दुर्घटना पीड़ितों के लिए ₹1.5 लाख तक का कैशलेस उपचार प्रदान करती है।
  • स्वदेशी विनिर्माण पर जोर: उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (PLI) योजनाओं के तहत घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहित करते हुए आयातित चिकित्सा उपकरणों और दवाओं पर निर्भरता कम करने पर बल दिया।