राष्ट्रीय एड्स और एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम

  • 29 Mar 2022

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र द्वारा वित्त पोषित एक योजना 'राष्ट्रीय एड्स और यौन संचारित रोग (एसटीडी) नियंत्रण कार्यक्रम' (National AIDS and STDs Control Programme: NACP) को 1 अप्रैल, 2021 से 31 मार्च, 2026 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है।

महत्वपूर्ण तथ्य: कार्यक्रम के चरण-5 को 1,5471.94 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ मंजूरी दी गई है।

  • राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के पहले चरण के शुभारंभ के साथ 1992 में भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय एड्स प्रतिक्रिया की शुरुआत की गई थी। तब से अब तक NACP के चार चरणों को सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। NACP का चौथा चरण 31 मार्च, 2021 को संपन्न हुआ।
  • NACP के तहत राष्ट्रीय एड्स प्रतिक्रिया को विश्व स्तर पर एक अत्यंत सफल कार्यक्रम माना जाता है।
  • भारत में वार्षिक नए एचआईवी संक्रमण में वैश्विक औसत 31% (2010 का आधारभूत वर्ष) के मुकाबले 48% की गिरावट दर्ज की गई है।
  • एड्स से संबंधित वार्षिक मौतों में वैश्विक औसत 42% (2010 का आधारभूत वर्ष) के मुकाबले 82% की गिरावट दर्ज की गई है।
  • इस योजना के तहत प्रयासों के कारण, भारत में एचआईवी प्रसार 0.22% के वयस्क एचआईवी प्रसार के साथ कम है।
  • NACP चरण-5 के तहत राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी प्रतिक्रिया वित्त वर्ष 2025-26 तक जारी रहेगी ताकि व्यापक रोकथाम, जांच एवं उपचार सेवाओं के जरिये 2030 तक सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के तौर पर एचआईवी/ एड्स वैश्विक महामारी को खत्म करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्य 3.3 को हासिल किया जा सके।