सामयिक - 29 July 2026

सामयिक खबरें आर्थिकी

केंद्र सरकार ने चीनी के भंडारण पर सीमा निर्धारित की


28 जुलाई, 2026 को केंद्र सरकार ने 1 अगस्त से 30 नवंबर, 2026 तक चीनी व्यापारियों पर स्टॉक होल्डिंग लिमिट (Stock Holding Limits) लागू करने की घोषणा की, ताकि जमाखोरी पर रोक लगाई जा सके, सट्टेबाज़ी नियंत्रित हो तथा उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर चीनी उपलब्ध कराई जा सके।

मुख्य बिंदु

  • निर्णय का कारण: सरकार के अनुसार हाल के दिनों में मिल-स्तर (Ex-mill) पर चीनी की कीमतों में वृद्धि वास्तविक मांग एवं आपूर्ति के बजाय जमाखोरी, सट्टा कारोबार तथा पेपर ट्रेडिंग के कारण हुई।
  • उद्देश्य: इस कदम का उद्देश्य कृत्रिम कमी (Artificial Scarcity) को रोकना, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना तथा उचित मूल्य पर चीनी की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
  • स्टॉक की घोषणा: चीनी व्यापारियों को खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर अपने चीनी भंडार की घोषणा करनी होगी तथा प्रत्येक सप्ताह स्टॉक की अद्यतन जानकारी देनी होगी।
  • सरकार का आकलन: सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में घरेलू आवश्यकता की पूर्ति के लिए पर्याप्त चीनी भंडार उपलब्ध है।
  • बाज़ार निगरानी: स्टॉक सीमा लागू रहने की अवधि के दौरान मंत्रालय चीनी की उपलब्धता एवं कीमतों पर सतत निगरानी रखेगा तथा बाज़ार की स्थिरता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

सामयिक खबरें विज्ञान प्रौद्योगिकी

विश्व के सबसे बड़े सुपरकंडक्टिंग फ्यूजन मैग्नेट का विकास


जुलाई 2026 में चीन ने विश्व के सबसे बड़े सुपरकंडक्टिंग फ्यूजन मैग्नेट (Superconducting Fusion Magnet) के सफल निर्माण एवं परीक्षण की घोषणा की। यह उसके कृत्रिम सूर्य (Artificial Sun) कार्यक्रम का प्रमुख घटक है, जिसका उद्देश्य वाणिज्यिक नाभिकीय संलयन (Nuclear Fusion) ऊर्जा का विकास करना है।

मुख्य बिंदु

  • चीन ने विश्व का सबसे बड़ा टोरॉयडल फील्ड सुपरकंडक्टिंग मैग्नेट (Toroidal Field Superconducting Magnet) विकसित एवं परीक्षण किया है, जो नाभिकीय संलयन रिएक्टरों का एक महत्त्वपूर्ण घटक है।
  • D-आकार के इस मैग्नेट की लंबाई 21 मीटर, चौड़ाई 12 मीटर तथा वजन 582 टन है।
  • यह मैग्नेट अत्यंत शक्तिशाली चुंबकीय क्षेत्र उत्पन्न कर संलयन रिएक्टर के भीतर अति-उष्ण प्लाज़्मा को नियंत्रित अवस्था में बनाए रखता है, जिससे नियंत्रित नाभिकीय संलयन संभव हो पाता है।
  • इसे लगभग –269°C के तापमान पर 60 वर्षों तक कार्य करने तथा 100,000 एम्पीयर से अधिक विद्युत धारा वहन करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
  • चीन की योजना 2027 तक बर्निंग प्लाज़्मा एक्सपेरिमेंटल सुपरकंडक्टिंग टोकामक को पूरा करने, 2030 के आसपास संलयन-आधारित विद्युत उत्पादन शुरू करने तथा आगे चलकर चीन फ़्यूज़न इंजीनियरिंग डेमोंस्ट्रेशन रिएक्टर (CFEDR) की स्थापना करने की है।

सामयिक खबरें पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण

कवक की नई प्रजाति ‘माइक्रोपोरेलस कोल्हापुरेंसिस’ की खोज


हाल ही में शोधकर्ताओं ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में ‘माइक्रोपोरेलस कोल्हापुरेंसिस’ (Microporellus kolhapurensis) नामक पॉलीपोर (ब्रैकेट) कवक की नई प्रजाति की खोज की है, जिससे पश्चिमी घाट की जैव विविधता में एक नई प्रजाति जुड़ गई है।

मुख्य बिंदु

  • इस नई कवक प्रजाति की खोज कोल्हापुर जिले के भुदरगढ़ तालुका में हुई तथा इसका नाम कोल्हापुर जिले के नाम पर रखा गया।
  • इस प्रजाति की खोज राजाराम कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. अंजलि पाटिल तथा शोधार्थी योगेश पाटिल ने की। उनका शोध भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (BSI) की शोध पत्रिका ‘नेलम्बो’ (Nelumbo) में प्रकाशित हुआ।
  • यह कवक अजरा सीमा के निकट बेदिव क्षेत्र में सड़ती हुई लकड़ी पर उगता हुआ पाया गया।
  • यह एक सैप्रोट्रॉफिक (Saprotrophic) कवक है, जो मृत एवं सड़ते-गलते कार्बनिक पदार्थों का अपघटन कर पोषण प्राप्त करता है तथा वन पारिस्थितिक तंत्र में पोषक तत्वों के पुनर्चक्रण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
  • शोधकर्ताओं के अनुसार, यह खोज क्षेत्र की जैव विविधता को समृद्ध करती है तथा महाराष्ट्र में कवक अनुसंधान को नई दिशा प्रदान करेगी।

सामयिक सामान्य ज्ञान

 हाल ही में केंद्र सरकार ने चीनी व्यापारियों पर स्टॉक होल्डिंग लिमिट किस अवधि के लिए लागू की है? -- केंद्र सरकार ने 1 अगस्त से 30 नवंबर, 2026 तक चीनी व्यापारियों पर स्टॉक होल्डिंग लिमिट लागू की है
 हाल ही में चीन द्वारा विकसित विश्व के सबसे बड़े सुपरकंडक्टिंग फ्यूजन मैग्नेट का प्रमुख उद्देश्य क्या है? -- इसका उद्देश्य संलयन रिएक्टर के भीतर अति-उष्ण प्लाज़्मा को नियंत्रित रखकर वाणिज्यिक नाभिकीय संलयन ऊर्जा के विकास को संभव बनाना है
 हाल ही में महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में खोजी गई नई पॉलीपोर (ब्रैकेट) कवक प्रजाति का नाम क्या है और इसका नाम किसके आधार पर रखा गया है? -- नई कवक प्रजाति का नाम ‘माइक्रोपोरेलस कोल्हापुरेंसिस’ है तथा इसका नाम कोल्हापुर जिले के नाम पर रखा गया है
 हाल ही में तेलंगाना सरकार ने सरकारी सेवाओं तक नागरिकों की पहुँच सरल बनाने तथा परिवार का प्रमाणित डिजिटल अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए कौन-सी नई व्यवस्था शुरू की? -- तेलंगाना सरकार ने राज्यव्यापी इलेक्ट्रॉनिक तेलंगाना फैमिली रजिस्टर एवं फैमिली रजिस्टर प्रमाण-पत्र (FRC) की शुरुआत की है

दैनिक समसामयिकी

पुराने करंट अफेयर्स देखने के लिए, कृपया नीचे तिथि चुनें