सामयिक - 30 July 2026

सामयिक खबरें राष्ट्रीय

राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026


29 जुलाई, 2026 को राज्य सभा ने ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026’ [Prevention of Insults to National Honour (Amendment) Bill, 2026] पारित किया, जिसके माध्यम से राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' को वैधानिक संरक्षण प्रदान किया गया।

मुख्य बिंदु

  • दंडनीय अपराध: राष्ट्रीय गीत का जानबूझकर अपमान करना, उसके गायन में बाधा उत्पन्न करना अथवा उसके सम्मान के प्रतिकूल कोई भी कार्य करना दंडनीय अपराध होगा।
  • दंड: ऐसे अपराध के लिए 3 वर्ष तक के कारावास, जुर्माना अथवा दोनों का प्रावधान है। अपराध के दोहराव की स्थिति में न्यूनतम 1 वर्ष के कारावास का प्रावधान किया गया है।
  • उद्देश्य: इस संशोधन का उद्देश्य स्वतंत्रता आंदोलन में 'वंदे मातरम्' की ऐतिहासिक भूमिका तथा संविधान सभा द्वारा प्रदान किए गए उसके विशेष दर्जे को ध्यान में रखते हुए उसकी गरिमा की रक्षा करना है।
  • ऐतिहासिक पृष्ठभूमि: यह विधेयक 'वंदे मातरम्' की रचना की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर लाया गया है।
  • सरकारी निर्देश: यह संशोधन गृह मंत्रालय की उस परामर्श के बाद लाया गया है, जिसमें राज्यों को विशेष रूप से उन सरकारी कार्यक्रमों में, जहाँ राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया जाता है, 'वंदे मातरम्' का गायन या वादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था।

सामयिक खबरें अंतर्राष्ट्रीय

भारत व नेपाल द्वारा पुनर्स्थापित विरासत स्थलों का उद्घाटन


28 जुलाई, 2026 को भारत एवं नेपाल ने पाटन (Patan) स्थित गुस्थल महाविहार (Gusthal Mahavihar) तथा प्रथमश्री महाविहार (Prathamshree Mahavihar) के ‘आगम’ के पुनर्स्थापित विरासत स्थलों का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इनका पुनर्निर्माण नेपाल के भूकंप-पश्चात पुनर्निर्माण कार्यक्रम के अंतर्गत भारत की सहायता से किया गया है।

मुख्य बिंदु

  • वित्तीय सहायता: भारत ने नेपाल के भूकंप-पश्चात अनुदान सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 12 करोड़ नेपाली रुपये (NPR 12 Crore) की वित्तीय सहायता प्रदान की।
  • कार्यान्वयन एजेंसियाँ: पुनर्स्थापन कार्य का निष्पादन नेपाल की सेंट्रल लेवल प्रोजेक्ट इम्प्लीमेंटेशन यूनिट द्वारा किया गया, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत न्यास (INTACH) ने परियोजना की रूपरेखा एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई।
  • पुनर्स्थापन पद्धति: परियोजना में मठ की मूल सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विशेषताओं को सुरक्षित रखने के लिए पारंपरिक नेवारी (Newari) वास्तुकला तकनीकों का उपयोग किया गया है।
  • भारत की सहायता: भारत ने नेपाल के 8 जिलों में 30 सांस्कृतिक विरासत स्थलों के संरक्षण में भूकंप-पश्चात पुनर्निर्माण सहायता के माध्यम से सहयोग प्रदान किया है।

सामयिक खबरें राष्ट्रीय

नागरिक सहभागिता पहल ‘दानवीर’ का शुभारंभ


29 जुलाई, 2026 को केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय ने ग्राम पंचायतों की डिजिटल अवसंरचना को स्वैच्छिक नागरिक योगदान के माध्यम से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ‘दानवीर’ (DAANVEER) पहल का शुभारंभ किया।

मुख्य बिंदु

  • पहल के बारे में: ‘दानवीर’ एक नागरिक सहभागिता प्लेटफ़ॉर्म है, जिसके माध्यम से व्यक्ति एवं संस्थाएँ पात्र ग्राम पंचायतों को स्वैच्छिक रूप से कंप्यूटर उपलब्ध करा सकती हैं, जिससे जमीनी स्तर पर डिजिटल अवसंरचना की कमी को दूर करने में सहायता मिलेगी।
  • कार्यान्वयन एजेंसियाँ: इस पहल को पंचायती राज मंत्रालय ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) तथा डिजीहाट (DigiHaat) के सहयोग से शुरू किया है।
  • उद्देश्य: इसका उद्देश्य डिजिटल इंडिया एवं विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना, सेवा वितरण में सुधार, पारदर्शिता बढ़ाना तथा स्थानीय स्वशासन को मजबूत करना है।
  • प्लेटफॉर्म: ‘दानवीर’ सुविधा 'मेरी पंचायत' (Meri Panchayat) मोबाइल एप्लिकेशन पर उपलब्ध है, जिसे डिजीहाट मार्केटप्लेस के साथ एकीकृत किया गया है।
  • मुख्य विशेषताएँ: दानदाता पूर्व-स्वीकृत एवं गुणवत्ता-परीक्षित कंप्यूटर बंडल दान कर सकते हैं, उनकी डिजिटल ट्रैकिंग कर सकते हैं तथा सफल स्थापना के बाद डिजिटल प्रशंसा-पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
  • लाभार्थी: यह पहल देशभर की लगभग 2.5 लाख ग्राम पंचायतों को लाभान्वित करेगी तथा भारतीय प्रवासी समुदाय (Indian Diaspora) को भी अपने मूल गाँवों के विकास में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगी।

सामयिक सामान्य ज्ञान

 हाल ही में राज्य सभा द्वारा पारित ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026’ के माध्यम से किसे वैधानिक संरक्षण प्रदान किया गया है? -- इस विधेयक के माध्यम से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को वैधानिक संरक्षण प्रदान किया गया है
 हाल ही में भारत एवं नेपाल ने किस स्थान पर भारत की सहायता से पुनर्स्थापित विरासत स्थलों का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया? -- भारत एवं नेपाल ने पाटन स्थित गुस्थल महाविहार तथा प्रथमश्री महाविहार के ‘आगम’ के पुनर्स्थापित विरासत स्थलों का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया
 हाल ही में पंचायती राज मंत्रालय द्वारा शुरू की गई ‘दानवीर’ (DAANVEER) पहल का मुख्य उद्देश्य क्या है? -- ‘दानवीर’ पहल का उद्देश्य स्वैच्छिक नागरिक योगदान के माध्यम से ग्राम पंचायतों की डिजिटल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाना तथा उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है
 हाल ही में वर्ष 2026 का फील्ड्स मेडल किन चार गणितज्ञों को गणितीय अनुसंधान में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया? -- वर्ष 2026 का फील्ड्स मेडल यू डेंग, जॉन पार्डन, जैकब सिमरमैन तथा होंग वांग को गणितीय अनुसंधान में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया

दैनिक समसामयिकी

पुराने करंट अफेयर्स देखने के लिए, कृपया नीचे तिथि चुनें