सामयिक - 25 July 2026
सामयिक खबरें विधेयक एवं अधिनियम
पेपर लीक विरोधी कानून को सख्त बनाने हेतु मसौदा विधेयक
24 जुलाई, 2026 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 में संशोधन के लिए एक मसौदा विधेयक को मंजूरी दी, जिसका उद्देश्य संगठित पेपर लीक पर अंकुश लगाने के लिए कड़े दंड का प्रावधान करना है।
मुख्य बिंदु
- मसौदा विधेयक का उद्देश्य परीक्षा में अनियमितताओं में शामिल व्यक्तियों एवं संगठित गिरोहों के लिए अधिक कठोर दंड का प्रावधान कर वर्तमान कानून को और मजबूत बनाना है।
- विधेयक में पेपर लीक के दोषियों के लिए न्यूनतम 5 वर्ष तथा संगठित पेपर लीक गिरोहों के लिए अधिकतम 10 वर्ष के कारावास और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रस्ताव है।
- संशोधन का उद्देश्य परीक्षा धोखाधड़ी में शामिल संगठित गिरोहों एवं संस्थानों पर प्रभावी रोक लगाना तथा वास्तविक अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करना है।
- यह कानून UPSC, SSC, RRB, IBPS जैसी भर्ती परीक्षाओं तथा NEET, JEE और CUET जैसी प्रवेश परीक्षाओं पर लागू होगा।
- यह संशोधन बार-बार हो रही पेपर लीक की घटनाओं को देखते हुए संगठित परीक्षा धोखाधड़ी के विरुद्ध कानूनी ढांचे को मजबूत करने के लिए लाया गया है।
- सार्वजनिक परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बढ़ाने के लिए सरकार ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) में भी सुधार प्रक्रिया शुरू की है।
मंत्रिमंडल ने ‘भव्य-रसायन’ योजना को मंजूरी दी
24 जुलाई, 2026 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में तीन समर्पित रासायनिक पार्क स्थापित करने के लिए ‘भारत औद्योगिक विकास योजना-रसायन’ (भव्य-रसायन योजना) को ₹3,030 करोड़ के परिव्यय के साथ मंजूरी दी।
मुख्य बिंदु
- इस योजना का उद्देश्य भारत के रसायन विनिर्माण पारिस्थितिक तंत्र को सुदृढ़ करना तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए तीन विश्वस्तरीय रासायनिक पार्क स्थापित करना है।
- योजना का कुल परिव्यय ₹3,030 करोड़ है, जिसमें ₹3,000 करोड़ अवसंरचना विकास तथा ₹30 करोड़ प्रशासनिक व्यय के लिए निर्धारित हैं।
- योजना का क्रियान्वयन वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक 5 वर्षों की अवधि में किया जाएगा।
- रासायनिक पार्कों का विकास चैलेंज रूट के तहत राज्य सरकारों द्वारा किया जाएगा। केंद्र सरकार प्रत्येक पार्क के लिए अधिकतम ₹1,000 करोड़ का अनुदान देगी, बशर्ते राज्य सरकार का न्यूनतम योगदान ₹500 करोड़ हो।
- प्रत्येक पार्क का न्यूनतम क्षेत्रफल 8 वर्ग किमी (2,000 एकड़) होगा तथा इसमें प्लग-एंड-प्ले अवसंरचना, साझा उपयोगिताएँ एवं औद्योगिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।
- पार्कों में साझा अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र, खतरनाक अपशिष्ट प्रबंधन तथा उपचार, भंडारण एवं निपटान सुविधाएँ विकसित की जाएँगी, जिससे पर्यावरणीय रूप से सतत औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
भारत और रोमानिया के मध्य तीन सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर
23 जुलाई, 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और रोमानिया के राष्ट्रपति निकुशोर दान के बीच बुखारेस्ट में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा तथा खेल से संबंधित तीन सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्य बिंदु
- दोनों देशों ने सात दशक से अधिक पुराने आपसी विश्वास, सम्मान और मजबूत जन-से-जन संबंधों पर आधारित साझेदारी की पुनः पुष्टि की।
- दोनों देशों ने अगले तीन वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने पर सहमति व्यक्त की।
- विनिर्माण, औषधि, स्वास्थ्य, नवीकरणीय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, कृषि, उर्वरक, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी।
- दोनों पक्षों ने माना कि प्रस्तावित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (India-EU FTA) व्यापार, निवेश, उद्योग तथा कुशल पेशेवरों के लिए नए अवसर सृजित करेगा।
| सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 में संशोधन हेतु स्वीकृत मसौदा विधेयक के तहत संगठित पेपर लीक गिरोहों के लिए अधिकतम क्या दंड निर्धारित किया गया है? -- संगठित पेपर लीक गिरोहों के लिए अधिकतम 10 वर्ष का कारावास तथा ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रस्ताव किया गया है |
| हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘भव्य-रसायन’ योजना को कितने परिव्यय एवं किस उद्देश्य से मंजूरी दी है? -- ₹3,030 करोड़ के परिव्यय के साथ देश में तीन विश्वस्तरीय समर्पित रासायनिक पार्क स्थापित करने के उद्देश्य से इस योजना को मंजूरी दी गई है |
| हाल ही में भारत और रोमानिया के मध्य किन क्षेत्रों में तीन सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं? -- भारत और रोमानिया के मध्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, शिक्षा तथा खेल से संबंधित तीन सहयोग समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं |
| हाल ही में आईसीएआर-केंद्रीय समुद्री मत्स्य अनुसंधान संस्थान (ICAR-CMFRI) द्वारा लॉन्च किया गया DeepDATA मोबाइल ऐप किस उद्देश्य से विकसित किया गया है? -- भारत की गहरे समुद्र में पाई जाने वाली मछलियों के डिजिटल प्रलेखन एवं जैव विविधता मानचित्रण के उद्देश्य से यह ऐप विकसित किया गया है |
| हाल ही में विश्व शतरंज महासंघ (FIDE) के अंतरिम अध्यक्ष के रूप में किसने पदभार संभाला? -- पाँच बार के विश्व शतरंज चैंपियन एवं वर्ष 2022 से FIDE के उपाध्यक्ष विश्वनाथन आनंद ने FIDE के अंतरिम अध्यक्ष का पदभार संभाला |
दैनिक समसामयिकी
पुराने करंट अफेयर्स देखने के लिए, कृपया नीचे तिथि चुनें


