स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2021-22

  • 21 Nov 2022

19 नवंबर, 2022 को केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता विद्यालयों को ‘स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार (एसवीपी) 2021-22 प्रदान किया।

महत्वपूर्ण तथ्य-

  • यह एसवीपी 2021-22 पुरस्कार का तीसरा संस्करण है, इसमें पंजीकृत 9.59 लाख विद्यालयों ने हिस्सा लिया। यह संख्या एसवीपी 2017-18 में हिस्सा लेने वाले विद्यालयों (6.15 लाख विद्यालय) की संख्या से लगभग 1.5 गुना अधिक है।
  • राज्य/केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर इनमें से 606 विद्यालयों को राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों के योग्य पाया गया।
  • इसमें यूनिसेफ साझेदार एजेंसी (निर्माण) की ओर से तीसरे पक्ष के मूल्यांकन के बाद एसवीपी 2021-22 को लेकर राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों के लिए 39 विद्यालयों (समग्र श्रेणी में 34 और उप-श्रेणियों में 5) का चयन किया गया।
  • इन चयनित 39 विद्यालयों में से 21 विद्यालय ग्रामीण और 18 विद्यालय शहरी क्षेत्रों से हैं। इनमें से 28 विद्यालय सरकारी/सरकारी सहायता प्राप्त हैं, जबकि 11 निजी विद्यालय हैं।
  • इन पुरस्कारों के तहत विद्यालयों का मूल्यांकन 6 व्यापक मानकों के आधार पर किया जाता है: (1) जल, (2) शौचालय, (3) साबुन से हाथ धोना, (4) परिचालन व रख-रखाव, (5) व्यवहार परिवर्तन व क्षमता निर्माण और (6) कोविड-19 (तैयारी व प्रतिक्रिया)।
  • यह पुरस्कार जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदान किए जाते हैं।