सामयिक

सार-संक्षेप:

अश्विनी कुमार यूको बैंक के एमडी और सीईओ नियुक्त

कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने इंडियन बैंक के कार्यकारी निदेशक अश्विनी कुमार को यूको बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी है।

  • अश्विनी कुमार 1 जून, 2023 से तीन साल की अवधि के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक का नेतृत्व करेंगे।
  • अश्विनी कुमार सोमा शंकर प्रसाद की जगह लेंगे, जो 31 मई को सेवानिवृत्त हो गए।
  • वित्तीय सेवा संस्थान ब्यूरो (एफएसआईबी) ने अश्विनी कुमार को यूको बैंक का प्रबंध निदेशक नियुक्त करने की सिफारिश की थी।

वित्तीय सेवा संस्थान ब्यूरो (FSIB) :- यह एक सरकारी निकाय है जो केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय सेवा विभाग के तहत 2022 में स्थापित किया गया था।

यूको बैंक :- यह भारत के सार्वजनिक क्षेत्र का एक प्रमुख बैंक है और इसका मुख्यालय कोलकाता में है। यूको बैंक की स्थापना वर्ष 1943 में की गई थी। पहले यह बैंक यूनाईटेड कमर्शियल बैंक के नाम से जाना जाता था। भारत सरकार ने 1969 में यूनाइटेड कमर्शियल बैंक का राष्ट्रीयकरण किया और 1985 में बैंक का नाम बदलकर यूको बैंक कर दिया गया।

अमरेंदु प्रकाश SAIL के नये अध्यक्ष बने

अमरेंदु प्रकाश ने 31 मई, 2023 से स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के नए अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यभार संभाला है।

  • अमरेंदु प्रकाश ने सोमा मोंडल का स्थान लिया, जो 30 अप्रैल, 2023 को पद से सेवानिवृत्त हुईं।
  • अमरेंदु प्रकाश पहले सेल की बोकारो इस्पात योजना के निदेशक (प्रभारी) थे।
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) :- यह भारत की सबसे बड़ी स्टील बनाने वाली कंपनियों में से एक है। इसकी स्थापना 19 जनवरी, 1954 को हुई एवं इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। सेल को देश में इस्पात के विकास और उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस्पात मंत्रालय, भारत सरकार के तहत एक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) के रूप में बनाया गया था।

डॉ. विजय दर्डा द्वारा लिखित “रिंगसाइड” नामक का विमोचन

डॉ. विजय दर्डा द्वारा लिखित पुस्तक “रिंगसाइड” का विमोचन 30 मई, 2023 को सांसद डॉ. शशि थरूर ने किया।

  • “रिंगसाइड” लोकमत मीडिया ग्रुप के समाचार पत्रों और अन्य प्रमुख राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दैनिक समाचार पत्रों में 2011 और 2016 के बीच प्रकाशित डॉ. दर्डा के साप्ताहिक लेखों का संकलन है।
  • यह पुस्तक विज्ञान, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विकास, खेल, कला- संस्कृति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामले जैसे विषयों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करती है।
  • “रिंगसाइड” समकालीन राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और महत्वपूर्ण घटनाओं और विकास में अंतर्दृष्टि प्रदान करता है।
  • डॉ. विजय दर्डा लोकमत मीडिया ग्रुप एडिटोरियल बोर्ड के अध्यक्ष और पूर्व सांसद हैं।

संस्कृत विद्वान वेद कुमारी घई का निधन

संस्कृत और डोगरी भाषा की विद्वान वेद कुमारी घई का 91 वर्ष की आयु में 30 मई, 2023 को निधन हो गया। उनका जन्म 1931 में जम्मू में हुआ था। घई ने संस्कृत साहित्य पर कई पुस्तकें लिखी हैं।

  • घई को संस्कृत साहित्य में उनके योगदान के लिए 2001 में भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से सम्मानित किया गया था।
  • घई को 1991 में उनकी पुस्तक “संस्कृत भाषा” के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किया जा चुका है।
  • घई 1991 में अपनी सेवानिवृत्ति तक जम्मू विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग की प्रमुख थीं।
  • वेद कुमारी ने 1966-1967 और 1978-1980 में भारतीय अध्ययन संस्थान, कोपेनहेगन विश्वविद्यालय, डेनमार्क में पाणिनी के संस्कृत व्याकरण और साहित्य को पढ़ाया।

समीर पांडे ऑस्ट्रेलिया में मेयर पद प्राप्त करने वाले पहले भारतीय बने

22 मई, 2023 को ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में सिटी ऑफ पैरामाटा काउंसिल ने भारतीय मूल के पार्षद समीर पांडेय को पैरामाटा शहर का लॉर्ड मेयर चुना है। समीर इस पद को प्राप्त करने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं।

  • पैरामाटा न्यू साउथ वेल्स में सिडनी से सटा एक महत्त्वपूर्ण शहर है। पैरामाटा में भारतीय मूल के लोगों की संख्या काफी अधिक है और यह तेजी से बढ़ रही है।
  • ढाई लाख से अधिक की आबादी वाले पैरामाटा शहर में 11 फीसदी से भी अधिक लोग भारतीय मूल के हैं।

समीर पांडेय :- समीर पांडेय आईटी विशेषज्ञ के साथ-साथ उद्योगपति हैं, जो एक इंजीनियर के रूप में ऑस्ट्रेलिया आये थे। 2017 में समीर पहली बार पार्षद का चुनाव जीते थे और 2022 में वह दूसरी बार पार्षद बने। 2022 में ही समीर काउंसिल के डिप्टी मेयर चुने गये थे।

25 मई - विश्व थायराइड जागरूकता दिवस

विश्व थायराइड जागरूकता दिवस प्रत्येक वर्ष 25 मई को मनाया जाता है। यह दिवस थायरॉइड पीड़ितों और थायराइड रोगों के अध्ययन और उपचार में शामिल लोगों को समर्पित है।

  • इस दिवस का उद्देश्य थायराइड से संबंधित विकारों के बारे में जागरूकता फैलाना है, जिसमें उनके लक्षण, निदान और उपचार के विकल्प शामिल हैं।
  • विश्व थायराइड जागरूकता दिवस का लक्ष्य लोगों को स्वस्थ थायरॉयड ग्रंथि को बनाए रखने के महत्व के बारे में शिक्षित करना है।
  • यह दिन थायराइड रोगों के क्षेत्र में स्वास्थ्य पेशेवरों, संगठनों और व्यक्तियों के बीच सहयोग को बढ़ावा देता है।
  • विश्व थायराइड जागरूकता दिवस पहली बार 2007 में थायराइड फेडरेशन इंटरनेशनल की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में प्रस्तावित किया गया था।

बुल्गारियाई लेखक जॉर्जी गोस्पोडिनोव को अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार 2023

बुल्गारियाई लेखक जॉर्जी गोस्पोडिनोव ने अपने उपन्यास "टाइम शेल्टर" के लिए 2023 अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार जीता।

  • इस उपन्यास का अंग्रेजी में अनुवाद एंजेला रोडेल ने किया था और यह बुल्गारिया का पहला उपन्यास है जिसे अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार मिला है।
  • "टाइम शेल्टर" एक मनोरम और उल्लेखनीय साहित्यिक कृति है जो समय, पहचान और मानवीय अनुभवों के विषयों की पड़ताल करती है।
  • टाइम शेल्टर’ ने पुरस्कार की दौड़ में शामिल 5 पुस्तकों को पीछे छोड़कर यह पुरस्कार जीता है, जो विश्व भर के उन उपन्यासों को पहचान दिलाता है जिनका अंग्रेजी में अनुवाद किया गया है।
  • 62,000 डॉलर की पुरस्कार राशि को लेखक और अनुवादक के बीच बांटा जाएगा।
  • ‘टाइम शेल्टर’ एक ऐसे क्लिनिक की कहानी है, जहां अतीत को एक प्रकार से पुनर्जीवित किया जाता है।
  • टाइम शेल्टर का उद्देश्य उन लोगों की मदद करना है जो डिमेंशिया (मनोभ्रंश) से पीड़ित हैं और पुरानी बातें भूल चुके हैं।

अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार: - यह यूनाइटेड किंगडम में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक पुरस्कार है। इसे जून 2004 में मैन बुकर पुरस्कार के पूरक के रूप में पेश किया गया था।

शीर्ष 500 सुपरकंप्यूटिंग सूची में 'ऐरावत' 75वें स्थान पर

सी-डैक, पुणे में स्थापित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सुपर कंप्यूटर 'ऐरावत' को विश्व में वरीयता क्रम में 75वां स्थान पर रखा गया है। जर्मनी में 23 मई, 2023 को हुए 61वें अंतर्राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटिंग सम्मेलन (आईएससी 2023) में 500 प्रमुख वैश्विक सुपरकंप्यूटिंग सूची की घोषणा की गई।

  • यह प्रणाली भारत में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर राष्ट्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत स्थापित की गई है।
  • भारत प्राकृतिक भाषा,रोबोटिक्स और रणनीतिक क्षेत्रों के लिए समाधान विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करने के साथ प्रायोगिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में काम कर रहा है।
  • ऐरावत देश के सामाजिक-आर्थिक उन्नयन में प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को जनकल्याण के लिए उपलब्ध करने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
  • ऐरावत में मौसम की भविष्यवाणी, दवा की खोज, जलवायु मॉडलिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों में क्रांति लाने की क्षमता है।
  • ऐरावत एक 130 पेटाफ्लॉप कंप्यूटर है जो एआई, एमएल और बड़े डेटा कार्यों के लिए गणना प्रदान करने पर केंद्रित है।

सुपर कंप्यूटर :- एक सुपरकंप्यूटर सामान्य कंप्यूटर की तुलना में तेज गति से उच्च स्तरीय प्रोसेसिंग कर सकता है। वे जटिल ऑपरेशन करने के लिए एक साथ काम करते हैं जो सामान्य कंप्यूटिंग सिस्टम के साथ संभव नहीं हैं। तेज गति और तेज मेमोरी सुपर कंप्यूटर की विशेषता है। सुपरकंप्यूटर के प्रदर्शन का मूल्यांकन आमतौर पर पेटाफ्लॉप्स में किया जाता है।

नरेंद्र मोदी को पापुआ न्यू गिनी और फिजी का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 22 मई, 2023 को पापुआ न्यू गिनी और फिजी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया है।

  • पापुआ न्यू गिनी अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड कम्पैनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ लोगोहू (जीसीएल) से सम्मानित किया।
  • पापुआ न्यू गिनी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्राप्त करने वाले व्यक्ति को ‘चीफ’ की उपाधि दी जाती है।
  • फिजी के प्रधानमंत्री सित्वनी राबुका ने भी अपने सर्वोच्च सम्मान – ‘द कम्पेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ फिजी’ (सीएफ) से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सम्मानित किया।
  • इससे पूर्व प्रधानमंत्री मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई देशों के द्वारा सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया जा चुका है।

अल-मोहद अल-हिंदी 2023 नौसेना अभ्यास

भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस तरकश और आईएनएस सुभद्रा 21 मई, 2023 को सऊदी अरब के पोर्ट अल-जुबैल पहुंचे। यह अभ्यास 21 से 25 मई 2023 तक अल जुबैल, सऊदी अरब में आयोजित किया जा रहा है।

  • इन जहाजों की यात्रा दोनों देशों के बीच नौसैनिक अभ्यास के दूसरे संस्करण के बंदरगाह चरण की शुरुआत का प्रतीक है, जिसे 'अल-मोहद अल-हिंदी 2023' के रूप में जाना जाता है।
  • इस अभ्यास का उद्देश्य सामरिक युद्धाभ्यास, खोज और बचाव अभियान और एक इलेक्ट्रॉनिक युद्धक ड्रिल का संचालन करके दो नौसेना बलों के बीच अंतःक्रियाशीलता को बढ़ाना है।
  • इस अभ्यास में एंटी-एयर और एंटी-सरफेस फायरिंग, हेलीकॉप्टर ऑप्स, स्पेशल ऑप्स, एयर डिफेंस एक्सरसाइज, समुद्री युद्धाभ्यास और संचार अभ्यास शामिल है।
  • अभ्यास का पहला संस्करण 9 से 14 अगस्त 2021 तक अल जुबैल, सऊदी अरब में आयोजित किया गया था।
  • अभ्यास के पहले संस्करण में सऊदी अरब की नौसेना कार्वेट आरएसएनएफ बद्र और भारतीय नौसेना विध्वंसक आईएनएस कोच्चि की भागीदारी देखी गई थी।
Showing 11-20 of 1,854 items.