सामयिक
पुरस्कार/सम्मान:
ग्लोबल वीमेन हेल्थटेक पुरस्कार 2022
5 जनवरी, 2022 को जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद (DBT-BIRAC) द्वारा समर्थित दो स्टार्ट-अप को विश्व बैंक समूह और और कंज्यूमर टेक्नोलॉजी एसोसिएशन के 'ग्लोबल वीमेन हेल्थटेक पुरस्कार 2022' (Global Women's Health Tech Awards 2022) से सम्मानित किया गया है।
(Image Source: https://www.ifc.org/)
- ये स्टार्टअप हैं- निरामई हेल्थ एनालिटिक्स प्राइवेट लिमिटेड (NIRAMAI Health Analytix Pvt. Ltd.) और 'इनएक्सेल टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड' (InnAccel Technologies Pvt. Ltd.)।
- ये पुरस्कार उभरते हुए बाजारों में महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने वाले नवाचारी स्टार्टअप्स को मान्यता प्रदान करते हैं।
- निरामई हेल्थ एनालिटिक्स को उसके नवीन सॉफ्टवेयर-आधारित चिकित्सा उपकरण के लिए चुना गया था, जो सभी आयु वर्ग की महिलाओं में सरल और निजी तरीके से प्रारंभिक चरण के स्तन कैंसर का पता लगाता है।
- इनएक्सेल टेक्नोलॉजीज को ‘फेटल लाइट’ (Fetal Lite) का विजेता घोषित किया गया। यह प्रसव के दौरान या 37 सप्ताह के गर्भ के बाद माताओं के लिए अगली पीढ़ी का, कृत्रिम बुद्धिमता-सक्षम भ्रूण हृदय गति मॉनिटर है, जो 'भ्रूण ईसीजी सिग्नल निष्कर्षण तकनीक' पर आधारित है। फेटल लाइट में अगली पीढ़ी का ईसीजी सिग्नल प्रोसेसिंग है और यह माताओं के लिए आरामदायक और उपयोग में आसान है।
- अगस्त 2021 में लॉन्च किए गए इस पुरस्कार ने 35 देशों की 70 से अधिक कंपनियों को आकर्षित किया, जिन्होंने तीन श्रेणियों ‘प्रजनन स्वास्थ्य और गर्भावस्था’, ‘सामान्य महिला और किशोर स्वास्थ्य’ तथा ‘महिला सुरक्षा और बचाव’ के तहत अपने अभिनव उत्पादों और सेवाओं को प्रस्तुत किया।
लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार 2021
3 जनवरी, 2022 को कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार 2021 के लिए पुरस्कार राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई है।
- वर्ष 2021 के लिए, लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार योजना का उद्देश्य इन क्षेत्रों में सिविल सेवकों के योगदान को मान्यता देना है-
- 'जन भागीदारी' या पोषण अभियान में लोगों की भागीदारी को बढ़ावा देना;
- खेलो इंडिया योजना के माध्यम से खेल और स्वास्थ्य में उत्कृष्टता को बढ़ावा देना;
- पीएम स्वनिधि योजना में डिजिटल भुगतान और सुशासन;
- एक जिला एक उत्पाद योजना के माध्यम से समग्र विकास;
- मानव हस्तक्षेप के बिना सेवाओं की निर्बाध, एंड-टू-एंड डिलीवरी;
- नवाचार।
- 2021 के अंतर्गत पुरस्कारों की कुल संख्या 18 है। अब सभी जिला कलेक्टरों के लिए पुरस्कार के लिए आवेदन करना अनिवार्य है।
- प्रधानमंत्री पुरस्कार 2021 में (i) ट्रॉफी, (ii) स्क्रॉल और (iii) सम्मानित जिले/संगठन को 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि शामिल होगी।
- प्रोत्साहन राशि का उपयोग परियोजनाओं/ कार्यक्रमों के कार्यान्वयन या लोक कल्याण वाले किसी क्षेत्र में संसाधनों की कमियों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
- पृष्ठभूमि: भारत सरकार ने वर्ष 2006 में 'लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार' योजना की शुरुआत की।
- प्राथमिकता कार्यक्रमों, नवाचारों और आकांक्षी जिलों में जिला कलेक्टरों के प्रदर्शन को मान्यता देने के लिए 2014 में योजना का पुनर्गठन किया गया था। अब यह जिला कलेक्टर या व्यक्तिगत सिविल सेवक के बजाय जिले के प्रदर्शन पर आधारित हो गया है।
- 'जिले के आर्थिक विकास' की दिशा में जिला कलेक्टरों के प्रदर्शन को मान्यता देने के लिए योजना को 2020 में फिर से पुनर्गठित किया गया।
साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार 2021
साहित्य अकादमी ने 30 दिसंबर, 2021 को साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार 2021 के 22 विजेताओं की घोषणा की।
- तमिल के लिए युवा पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी और इस साल राजस्थानी में कोई पुरस्कार नहीं दिया जाएगा।
- साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार 2021 कविता की नौ पुस्तकों, पांच उपन्यासों, छ: लघु कथाओं और एक-एक निबंध और नाटक के लिए दिया जाएगा।
- मेघा मजूमदार ने अपने पहले अंग्रेजी उपन्यास 'ए बर्निंग' के लिए युवा पुरस्कार जीता और हिमांशु वाजपेयी ने 'किस्सा किस्सा लखनउवा - लखनऊ के अवामी किस्से' नामक हिंदी लघु कथाओं के संग्रह के लिए युवा पुरस्कार जीता।
- साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार विजेताओं को एक उत्कीर्ण ताम्रफलक और 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
विजेता सूची-
कविता: गौरब चक्रवर्ती (बंगाली), गौतम दैमारी (बोडो), अरुण आकाश देव (डोगरी), एच लक्ष्मी नारायण स्वामी (कन्नड़), श्रद्धा गरद (कोंकणी), लेनिन खुमानचा (मणिपुरी), अमित मिश्रा (मैथिली), थगुल्ला गोपाल (तेलुगु) और उमर फरहत (उर्दू)।
उपन्यास: मेघा मजूमदार (अंग्रेजी), दृष्टि सोनी (गुजराती), मोबिन मोहन (मलयालम), प्रणव सखादेव (मराठी) और कुना हंसदा (संताली)।
लघु कथा: हिमांशु वाजपेयी (हिंदी), देवव्रत दास (उड़िया), अभिजीत बोरा (असमिया), रजी ताहिर भगत (कश्मीरी), महेश दहल (नेपाली) और श्वेतपद्मा शतपथी (संस्कृत)।
निबंध: वीरदविंदर सिंह (पंजाबी)।
नाटक: राकेश शेवानी (सिंधी)।
बाल साहित्य पुरस्कार 2021
साहित्य अकादमी ने 30 दिसंबर, 2021 को 'बाल साहित्य पुरस्कार 2021' के 22 विजेताओं की घोषणा की।
- इस साल गुजराती और पंजाबी में कोई पुरस्कार नहीं दिया गया है।
- अनीता वछरजनी को अंग्रेजी जीवनी 'अमृता शेर-गिल: रेबल विद अ पेंटब्रश' के लिए और हिंदी लेखक देवेंद्र मेवाड़ी ने अपने नाटक "नाटक नाटक में विज्ञान" के लिए बाल साहित्य पुरस्कार 2021 जीता।
अन्य विजेता-
कविता: अनमोल झा (मैथिली), सुदर्शन अंबाटे (नेपाली), दिगराज ब्रह्मा (उड़िया), सोवा हांसदा (संथाली), किशन खुबचंदानी 'रंजयाल' (सिंधी) और कौसर सिद्दीकी (उर्दू)।
उपन्यास: मृणाल चंद्र कलिता (असमिया), बसु बेविनागिडा (कन्नड़), रघुनाथ पलेरी (मलयालम), संजय वाघ (मराठी) और कीर्ति शर्मा (राजस्थानी)।
लघु कथा: सुनीरमल चक्रवर्ती (बंगाली), मजीद मजाजी (कश्मीरी), आशा अग्रवाल (संस्कृत) और मु. मुरुगेश (तमिल)।
लघु उपन्यास: नरसिंह देव जामवाल (डोगरी) और सुमेधा कामत देसाई (कोंकणी)।
लोक कथा: रत्नेश्वर नारजारी (बोडो)।
नाटक संग्रह: निंगोमबम जदुमणि सिंह (मणिपुरी)।
नाटक: देवराजू महाराजू (तेलुगु)।
जीके फैक्ट: 'बाल साहित्य पुरस्कार’ विजेताओं को एक उत्कीर्ण ताम्रफलक और 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
निजामुद्दीन बस्ती परियोजना ने दो यूनेस्को धरोहर पुरस्कार जीते
दिल्ली में ऐतिहासिक निजामुद्दीन बस्ती समुदाय के समग्र शहरी पुनरोद्धार पर एक परियोजना ने इस वर्ष 'सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण के लिए यूनेस्को एशिया-प्रशांत पुरस्कारों' में दो पुरस्कार जीते हैं।
- निजामुद्दीन में संरक्षण पहल ने 'उत्कृष्टता पुरस्कार' और 'सतत विकास के लिए विशेष मान्यता पुरस्कार' जीता है।
- यह संरक्षण परियोजना भारत की ओर से एकमात्र पुरस्कार विजेता प्रविष्टि थी।
- निजामुद्दीन बस्ती में संरक्षण के प्रयास आगा खान ट्रस्ट फॉर कल्चर द्वारा दक्षिण दिल्ली नगर निगम, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, दिल्ली शहरी विरासत फाउंडेशन और दरगाह समिति और हजरत निजामुद्दीन बस्ती के निवासी समुदाय समूहों के साथ 2007 से साझेदारी में किए जा रहे हैं।
- वर्ष 2000से, सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण कार्यक्रम के लिए यूनेस्को एशिया-प्रशांत पुरस्कार क्षेत्र में विशिष्ट धरोहर वाली संरचनाओं और इमारतों को पुनर्स्थापित करने, संरक्षित करने और रूपांतरित करने में निजी व्यक्तियों और संगठनों के प्रयासों को सम्मानित कर रहा है।
साहित्य अकादमी पुरस्कार 2021
साहित्य अकादमी ने 30 दिसंबर, 2021 को 20 भाषाओं में अपने वार्षिक ‘साहित्य अकादमी पुरस्कार 2021’ की घोषणा की।
- कविता की 7 पुस्तकों, उपन्यास की 2, लघु कथाओं की 5, 2 नाटकों तथा जीवनी, आत्मकथा, आलोचना और महाकाव्य कविता प्रत्येक के लिए एक-एक पुस्तक ने साहित्य अकादमी पुरस्कार 2021 जीता।
- गुजराती, मैथिली, मणिपुरी और उर्दू भाषाओं में पुरस्कारों की घोषणा बाद में की जाएगी।
- नमिता गोखले को उनके अंग्रेजी उपन्यास 'थिंग्स टू लीव बिहाइंड' और अनुराधा सरमा पुजारी को असमिया उपन्यास 'इयात एकान आरोन आसिल' के लिए सम्मानित किया गया है।
- कन्नड़ में डीएस नागभूषण की जीवनी, मलयालम में जॉर्ज ओनाक्कूर की आत्मकथा, कश्मीरी में वली मोहम्मद असीर काश्तावरी के आलोचना कार्य और नेपाली में छबीलाल उपाध्याय की महाकाव्य कविता को सम्मानित किया गया।
- साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेताओं को एक उत्कीर्ण ताम्रफलक, शॉल और 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
अन्य विजेता-
कविता: मवादई गहाई (बोडो), संजीव वेरेनकर (कोंकणी), हृषिकेश मल्लिक (उड़िया), मिथेश निर्मोही (राजस्थानी), विंदेश्वरीप्रसाद मिश्र 'विनय' (संस्कृत), अर्जुन चावला (सिंधी) और गोराती वेंकन्ना (तेलुगु)।
लघु कथा: राज राही (डोगरी), किरण गुरव (मराठी), खालिद हुसैन (पंजाबी), निरंजन हांसदा (संथाली) और अंबाई (तमिल)।
नाटक: ब्रत्य बसु (बंगाली) और दया प्रकाश सिन्हा (हिंदी)।
इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार 2021
भारत में शिक्षा के दायरे का विस्तार करने के अपने काम के लिए गैर-सरकारी संगठन 'प्रथम' को इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा 'इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार 2021' (Indira Gandhi Prize for Peace, Disarmament and Development 2021) से सम्मानित किया गया है।
(Image Source: https://Pratham.org)
- क्यों सम्मानित किया गया? प्रत्येक बच्चे की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए 25 वर्ष से भी अधिक समय से अपने अग्रणी कार्य के लिए;
- शिक्षा प्रदान करने के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी के अपने अभिनव प्रयोग के लिए;
- शिक्षा की गुणवत्ता के नियमित मूल्यांकन के लिए;
- और बच्चों को कोविड -19 महामारी में स्कूल बंद होने के दौरान सीखने में सक्षम बनाने में समयबद्ध प्रतिक्रिया के लिए।
- प्रथम: डॉ. माधव चव्हाण और फरीदा लांबे द्वारा मुंबई में 1995 में स्थापित, ‘प्रथम’ ने मुंबई की मलिन बस्तियों में काम शुरू किया और समुदाय आधारित 'बालवाडी' या प्री-स्कूल की स्थापना की।
- प्रथम की ‘वार्षिक शिक्षा स्थिति रिपोर्ट’ (ASER) का अब तीन महाद्वीपों के 14 देशों में शिक्षा परिणामों और सीखने की कमियों का आकलन करने के लिए एक मॉडल के रूप में उपयोग किया जाता है।
- 2007 में प्रथम ने अपना प्रमुख कार्यक्रम, 'रीड इंडिया' (Read India) शुरू किया, जिसका उद्देश्य बुनियादी पठन-पाठन और अंकगणित को मजबूत करके बच्चों की शिक्षा में सुधार करना है।
- पुरस्कार के बारे में: इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार की स्थापना 1986 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में ‘इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्रस्ट’ द्वारा की गई थी। इसमें एक प्रशस्ति पत्र के साथ 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है।
INCOIS ने हासिल किया भारतीय उद्योग परिसंघ का औद्योगिक नवाचार पुरस्कार 2021
17 दिसंबर, 2021 को 'इंडियन नेशनल सेंटर फॉर ओशन इंफॉर्मेशन सर्विसेज’ (INCOIS) को 'शीर्ष नवाचार अनुसंधान संस्थान-2021' श्रेणी में भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) द्वारा स्थापित 'औद्योगिक नवाचार पुरस्कार 2021' से सम्मानित किया गया।
(Image Source: https://www.innovationawards.ciiinnovation.in/)
- यह पुरस्कार मछुआरों और समुद्री समुदाय के लिए संभावित मछली पकड़ने के क्षेत्र में एडवाइजरी, महासागर राज्य पूर्वानुमान, उच्च लहर चेतावनी, सुनामी पूर्व चेतावनी सेवाओं आदि जैसी समुद्री सूचना सेवाओं के प्रसार के लिए 'नौवहन और सूचना प्रणाली के लिए गगन-सक्षम नाविक और उपकरण' (GEMINI) के विकास हेतु प्रदान किया गया है।
- GEMINI प्रणाली मछुआरा समुदाय द्वारा समुद्र में मोबाइल की संचार सीमा से आगे सामना किए जाने वाले प्रमुख और महत्वपूर्ण संचार गतिरोध का समाधान प्रदान करती है।
- INCOIS को 1999 में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त निकाय के रूप में स्थापित किया गया था और यह पृथ्वी प्रणाली विज्ञान संगठन (ESSO) की एक इकाई है। यह हैदराबाद में स्थित है।
भारत की हरनाज संधू बनीं मिस यूनिवर्स 2021
21 वर्षीया भारतीय अभिनेत्री-मॉडल हरनाज संधू ने 13 दिसंबर, 2021 को ‘70वें मिस यूनिवर्स 2021’ का ताज अपने नाम कर इतिहास रच दिया।
(Image Source: https://www.pinkvilla.com/)
- संधू से पहले केवल दो भारतीयों ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता है- 1994 में अभिनेत्री सुष्मिता सेन और 2000 में लारा दत्ता भूपति।
- मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता का 70वां संस्करण इजराइल के ईलात (Eilat) में आयोजित किया गया।
- पराग्वे की 22 वर्षीया 'नादिया फरेरा' दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि दक्षिण अफ्रीका की 24 वर्षीया 'लालेला मसवाने' तीसरे स्थान पर रहीं।
- चंडीगढ़ की मॉडल संधू लोक प्रशासन विषय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही हैं। उन्हें यह ताज इस प्रतियोगिता की 2020 की विजेता मैक्सिको की ‘एंड्रिया मेजा’ ने पहनाया।
- संधू ने सौंदर्य क्षेत्र में अपनी शुरुआत 2017 में की थी, जब उन्होंने 17 साल की उम्र में चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुये 'टाइम्स फ्रेश फेस' प्रतियोगिता जीती थी। बाद में उन्होंने 'LIVA मिस दिवा यूनिवर्स 2021' का खिताब जीता।
- संधू ने कुछ पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय किया है, जिनमें 'यारा दियां पू बारां' (Yaara Diyan Poo Baran) और 'बाई जी कुट्टंगे' (Bai Ji Kuttange) शामिल हैं।
- मिस यूनिवर्स 2021 की चयन समिति में अभिनेत्री और मिस यूनिवर्स इंडिया 2015 उर्वशी रौतेला भी शामिल थीं।
समुद्र में असाधारण वीरता के लिए आईएमओ पुरस्कार 2021
6 दिसंबर, 2021 को अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) परिषद ने 'भारतीय नौसेना', 'भारतीय तटरक्षक' और 'टगबोट ओशन ब्लिस' (tugboat Ocean Bliss) के मास्टर और चालक दल के सदस्यों को 'एम/टी न्यू डायमंड' (M/T New Diamond) के बचाव अभियान को अंजाम देते समय असाधारण व साहसी प्रयासों के लिए 'समुद्र में असाधारण वीरता के लिए आईएमओ पुरस्कार 2021'(IMO Award 2021 for exceptional bravery at sea) से सम्मानित किया।
(Image Source: https://www.imo.org/)
- सितंबर 2020 में एम/टी न्यू डायमंड में आग लगने के बाद भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल के बचाव दल के सदस्यों और टगबोट (जहाजों को खींचकर बंदरगाह आदि पर जाने वाली छोटी शक्तिशाली नाव) ओशन ब्लिस के मास्टर और चालक दल ने निरंतर और प्रभावी अग्निशमन अभियान चलाकर गंभीर समुद्री प्रदूषण की घटना को रोका।
- पुरस्कार के बारे में: समुद्र में व्यक्तिगत रूप से दिखाए गए असाधारण सामुद्रिक कौशल और उत्कृष्ट साहस को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और समुद्र में असाधारण वीरता के लिए आईएमओ पुरस्कार हर साल उन लोगों या समूहों को प्रदान किया जाता है, जो स्वयं के जीवन की परवाह किए बगैर समुद्र में जीवन बचाने के प्रयास में या समुद्री पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोकने या कम करने के प्रयास में वीरता प्रदर्शित करते हैं।
- अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन: यह संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी है, जो अंतरराष्ट्रीय नौवहन की संरक्षा और सुरक्षा (safety and security) में सुधार और जहाजों से प्रदूषण को रोकने के उपायों के लिए उत्तरदायी है।
- 1948 में जिनेवा में एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ने औपचारिक रूप से आईएमओ की स्थापना के लिए एक अभिसमय को अपनाया।
- इस संगठन का मूल नाम 'अंतर-सरकारी समुद्री सलाहकार संगठन' था, लेकिन 1982 में इसका नाम बदलकर अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन(आईएमओ) कर दिया गया था। आईएमओ कन्वेंशन 1958 में लागू हुई।