मजदूरी दर सूचकांक में आधार वर्ष संशोधित

  • 30 Nov 2021

24 नवंबर, 2021 को न्यूनतम मजदूरी एवं राष्ट्रीय आधार मजदूरी पर विशेषज्ञ समूह ने आधार वर्ष 2016 के साथ मजदूरी दर सूचकांक (Wage Rate Index: WRI) की एक नई शृंखला जारी की।

महत्वपूर्ण तथ्य: आधार वर्ष 2016=100 के साथ मजदूरी दर सूचकांक की नई शृंखला, श्रम और रोजगार मंत्रालय के एक संबद्ध कार्यालय 'श्रम ब्यूरो' द्वारा संकलित और अनुरक्षित की जा रही है।

  • आधार वर्ष 2016=100 के साथ WRI की नई शृंखला 1963-65=100 आधार वाली पुरानी शृंखला को बदल देगी।
  • नई WRI शृंखला हर साल 1 जनवरी और 1 जुलाई को बिंदु-दर-बिंदु अर्ध-वार्षिक आधार पर वर्ष में दो बार संकलित की जाएगी।

नई शृंखला के तहत किए गए कुछ प्रमुख सुधार: नई WRI शृंखला में भार आरेख (weighting diagram) व्यावसायिक वेतन सर्वेक्षण (सातवें) दौर के परिणामों से तैयार किया गया है।

  • नई WRI शृंखला (2016=100) में कुल 37 उद्योगों को कवर किया गया है जबकि 1963-65=100 शृंखला में 21 उद्योगों को शामिल किया गया था।
  • नई शृंखला के तहत चयनित 37 उद्योगों में विनिर्माण क्षेत्र से 30 उद्योग, खनन क्षेत्र से 4 उद्योग और बागान क्षेत्र से 3 उद्योग को शामिल किया गया है जबकि पुरानी शृंखला में विनिर्माण क्षेत्र से 14 उद्योग, खनन क्षेत्र से 4 उद्योग और बागान क्षेत्र से 3 उद्योग शामिल किए गए थे।
  • WRI (2016=100) की नई श्रृंखला में 37 चयनित उद्योगों के अंतर्गत लगभग 700 व्यवसायों को शामिल किया गया है।